
हेमंत नागले, इंदौर। सोमवार सुबह एरोड्रम थाना क्षेत्र में मॉर्निंग वॉक पर घूमने निकली एक महिला के साथ कुछ अज्ञात बदमाशों ने सिर पर लोहे की रॉड मारने के बाद उसके साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया। संगम नगर इलाके में आज मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ लोगों ने महिला को गंभीर अवस्था में देखा, जिसके बाद 108 को सूचना दी गई। तत्काल महिला को एमवाय अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल, महिला की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। इस मामले में महिला के बयान के बाद ही पुलिस आगे की कुछ कार्रवाई कर पाएगी।
क्या है मामला ?
एसीपी राजीव भदौरिया के अनुसार, एरोड्रम थाना क्षेत्र के संगम नगर इलाके में कमला तिवारी (75 वर्षीय) अपने घर से मॉर्निंग वॉक के लिए निकली थी। तभी अचानक कुछ अज्ञात बदमाशों द्वारा उनके सिर पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया। गंभीर चोट लगने के बाद महिला के साथ लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। महिला काफी वृद्ध है, इस कारण से वह बेहोश हो गई।
वहीं, कुछ चश्मदीदों द्वारा जैसे ही महिला को गंभीर अवस्था में देखा गया तो तुरंत एंबुलेंस को सूचना दी और उसे अस्पताल में भर्ती गया है। महिला के सिर पर गंभीर चोट के कारण उसकी साड़ी पर काफी खून फैला हुआ था। महिला की स्थिति काफी गंभीर बताई जा रही है। फिलहाल, पुलिस मौके पर पहुंचकर इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रहे हैं।
ये भी पढ़ें- हे राम! कलयुगी नाना की करतूत, बड़ा होकर प्रॉपर्टी में मांगता हिस्सा इसलिए पोते का कर दिया कत्ल