राष्ट्रीय

World Military Expenditure : दुनिया भर में 2 ट्रिलियन के पार पहुंचा सैन्य खर्च, लिस्ट में भारत तीसरे स्थान पर

रूस व यूक्रेन के बीच जारी जंग के बीच स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) ने दुनिया भर की प्रमुख सेनाओं की खर्च रिपोर्ट जारी की है। रिपोर्ट के मुताबिक, 2021 में विश्व सैन्य खर्च 2.1 ट्रिलियन अमेरिकी डॉलर के अब तक के सर्वकालिक उच्च स्तर पर आ गया। इस तरह लगातार सातवें साल सैन्य खर्च में बढ़ोतरी दर्ज हुई है।

तीसरे नंबर पर भारत

रिपोर्ट के मुताबिक ग्लोबल मिलिट्री एक्सपेंडिचर 2021 में 0.7% बढ़कर 2113 बिलियन अमेरिकी डॉलर तक पहुंच गया। वैश्विक सैन्य खर्च के नए आंकड़ों के अनुसार, 2021 में पांच सबसे बड़े खर्च करने वाले देशों में अमेरिका, चीन, भारत, ब्रिटेन और रूस शामिल थे। भारत 76.6 अरब डॉलर का सैन्य खर्च कर दुनिया में तीसरे स्थान पर है। इसमें 2020 की तुलना में 0.9 फीसदी और 2012 की तुलना में 33 फीसदी वृद्धि हुई है। टोटल एक्सपेंडिचर का 62% हिस्सा अकेले इन 5 देशों ने ही खर्च किया था।

अमेरिका का ध्यान सैन्य रिसर्च और विकास पर

साल 2021 में अमेरिकी सैन्य खर्च की राशि 801 अरब डॉलर थी। 2020 की तुलना में इसमें 1.4 प्रतिशत की गिरावट है। अमेरिकी सैन्य बोझ 2020 में जीडीपी के 3.7 प्रतिशत से थोड़ा कम होकर 2021 में 3.5 प्रतिशत हो गया।

दूसरे स्थान पर चीन है, जिसने डिफेंस पर 293 बिलियन अमेरिकी डालर खर्च किए। जो 2020 की तुलना में 4.7% ज्यादा रहा।

रूस ने सैन्य बजट बढ़ाया

यूक्रेन पर दो महीने से हमला कर रहे रूस ने रक्षा खर्च में पांचवी पोजीशन बनाई है। रूस ने 2021 में अपने सैन्य खर्च को 2.9 प्रतिशत बढ़ाकर 65.9 अरब डॉलर कर दिया। रूस द्वारा सैन्य खर्च में यह लगातार तीसरे साल वृद्धि रही। इस दौरान रूस यूक्रेनी सीमा पर अपनी सेना को बढ़ा रहा था।

ये भी पढ़ें- Raisina Dialogue: रायसीना डायलॉग के 7वें संस्करण का PM मोदी करेंगे उद्घाटन, 90 देशों के प्रतिनिधि होंगे शामिल

जंग में रोज का कितना नुकसान?

सेंटर फॉर इकोनॉमिक रिकवरी की नई स्टडी के मुताबिक, युद्ध के पहले पांच दिनों में रूस को 7 बिलियन डॉलर की मार पड़ी। युद्ध में जिस तरह जानमाल का नुकसान हो रहा है केवल उसी से आने वाले समय में रूसी जीडीपी पर 2.7 बिलियन डॉलर का बोझ बढ़ेगा। शोधकर्ताओं के मुताबिक, रूस को इस युद्ध में हर दिन की कीमत 20 बिलियन डॉलर से अधिक की चुकानी होगी।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button