ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

Mohan Cabinet Meeting : MP के सभी विकासखंड का एक गांव बनेगा वृंदावन, कैबिनेट ने दी मंजूरी, इन प्रस्तावों पर भी लगी मुहर

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मंगलवार (3 सितंबर) को वल्लभ भवन में मोहन यादव कैबिनेट की महत्वपूर्ण बैठक हुई। जिसमें कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कैबिनेट के फैसलों की जानकारी देते हुए बताया की मध्य प्रदेश के सभी विकासखंड स्तर पर एक वृंदावन गांव बनाया जाएगा। इस तरह प्रदेश में शुरुआत में 313 वृंदावन गांव बनाए जाएंगे।

सौर ऊर्जा से गांव संचालित होगा

पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा विकसित किए जाने वाले इस आदर्श गांव की अवधारणा में गौ शाला खोलने, दुग्ध उत्पादन बढ़ाने, उद्यानिकी, औषधीय पौधे, श्री अन्न की खेती को बढ़ावा देने पर जोर रहेगा। सौर ऊर्जा से गांव संचालित होगा। सरकार की कई योजनाओं का लाभ सहित कई नवाचार किए जाएंगे। इसको लेकर कैबिनेट ने मंजूरी दी है।

नगरीय निकायों में खुलेंगे गीता भवन

इसके अलावा आज कैबिनेट ने प्रदेश के नगरीय निकायों में गीता भवन बनाने को लेकर मंजूरी दी है। यह हर नगरीय निकायों में बनाए जाएंगे। यह एक अध्ययन केंद्र के रूप में होंगे, यहां भारतीय संस्कृति से संबंधित साहित्य पठन पाठन के लिए उपलब्ध रहेगा। साथ ही गीता भवन में धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए भी उपलब्धता रहेगी।

कैबिनेट में इन प्रस्तावों को भी मंजूरी मिली

  • 4 हजार करोड़ से ज्यादा की नीमच-जावद लघु सिंचाई परियोजना को मंजूरी दी है। प्रदेश में सिंचाई के संसाधनों को बढ़ाने के क्रम में यह परियोजना है।
  • मुरैना जिले में फुटवियर एंड लेदर पार्क स्थापित करने को मंजूरी दी गई है, जिससे चंबल क्षेत्र में रोजगार मिलेगा।
  • नर्मदापुरम के बाबई औद्योगिक केंद्र में नवकरणीय ऊर्जा एवं ऊर्जा से संबंधित उपकरणों के उत्पादन को लेकर जोन स्थापित करने की मंजूरी मिली है, जिसमे केंद्र सरकार 60 फीसदी और राज्य सरकार 40 फीसदी राशि देगी।
  • कैबिनेट बैठक में राजस्व महाअभियान की लेकर भी चर्चा हुई। जिसमें बताया गया कि अभियान के पहले चरण में 30 लाख और अभियान के दूसरे चरण में 50 लाख कुल 80 लाख राजस्व प्रकरणों का निराकरण किया गया है।

संबंधित खबरें...

Back to top button