ताजा खबरराष्ट्रीय

पश्चिम बंगाल के मालदा में मणिपुर जैसी घटना : भीड़ ने दो महिलाओं को अर्धनग्न कर बाल खींचकर चप्पलों से पीटा, चोरी का आरोप; देखें VIDEO

कोलकाता। पश्चिम बंगाल के मालदा से मणिपुर जैसा मामला सामने आया है। मालदा के पकुआहाट में भीड़ ने दो महिलाओं की पिटाई की और फिर उन्हें अर्धनग्न कर दिया। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। बताया जा रहा है कि, दोनों महिलाओं पर चोरी का आरोप था। BJP के IT सेल हेड अमित मालवीय ने यह वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया। हालांकि पश्चिम बंगाल पुलिस के पास इस तरह की कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई।

कब की है घटना

ये घटना भी 19 जुलाई की है। हालांकि, इसका वीडियो 22 जुलाई (शनिवार) को सामने आया। वीडियो में देखा जा सकता है कि, महिलाओं का एक ग्रुप दो महिलाओं को घेरे हुए है और उनके बाल खींचकर चप्पलों से उनकी पिटाई कर रही हैं। इसके साथ ही उनके कपड़े भी फाड़ दिए।

पुलिस के सामने हुई घटना!

BJP के IT सेल हेड अमित मालवीय अमित मालवीय के मुताबिक, दोनों पीड़ित महिलाएं आदिवासी हैं। यह घटना मालदा के बामनगोला पुलिस स्टेशन के पाकुआ हाट इलाके में हुई। वहीं उन्होंने आरोप लगाया कि, जब यह घटना हो रही थी उस समय पुलिस वहां मूकदर्शक बनी खड़ी हुई थी।

चोरी करते हुए पकड़ी गईं थी महिलाएं

पुलिस का कहना है कि, वायरल वीडियो देखने के बाद ही उन्हें इस घटना का पता चला है। शुरूआती जांच में सामने आया है कि, दो महिलाओं को चोरी करते रंगे हाथ पकड़ा गया था। इसके बाद स्थानीय महिला दुकानदारों ने उनकी पिटाई की थी। वहीं अब पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

बंगाल में 8 जुलाई को भी ऐसी घटना हुई थी

पश्चिम बंगाल के हावड़ा से भी इसी तरह की घटना सामने आ चुकी है। तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर बंगाल पंचायत चुनाव की एक महिला उम्मीदवार ने उत्पीड़न का आरोप लगाया। महिला का आरोप है कि, उसे निर्वस्त्र कर उससे छेड़छाड़ की गई। यह घटना आठ जुलाई की बताई जा रही है। 13 जुलाई को दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया कि, हेमंत रॉय और अन्य (टीएमसी कार्यकर्ताओं) ने उन्हें मतदान केंद्र से जबरन बाहर निकाला, कपड़े फाड़े और यौन उत्पीड़न किया।

मणिपुर घटना

मणिपुर में कुकी समुदाय की दो महिलाओं को निर्वस्त्र सड़क पर घुमाने का ये वीडियो 4 मई का बताया जा रहा है। इसके मुताबिक, यह घटना हिंसा शुरू होने के 1 दिन बाद की है। वीडियो कांगकोपी का बताया जा रहा है। इसमें देखा गया कि, भीड़ 2 महिलाओं को निर्वस्त्र कर खेत में घसीट रही है।

इंडिजिनस ट्राइबल लीडर्स फोरम का दावा है कि, महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वाली भीड़ मैतेई समुदाय से थी। पुलिस ने 21 जून यानी घटना के 1 महीने से अधिक समय बाद FIR दर्ज की थी। आरोपियों के खिलाफ IPC की धारा के तहत धारा 153ए, 398, 427, 436, 448, 302, 354, 364, 326, 376, 34 और शस्त्र अधिनियम की धारा 25(1सी) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ये भी पढ़ें- मणिपुर कांड अपडेट : अब तक 4 आरोपी गिरफ्तार, शर्मनाक घटना को लेकर बढ़ रहा लोगों का आक्रोश

संबंधित खबरें...

Back to top button