
नई दिल्ली। पेरिस के लिए रवाना हुआ एअर इंडिया का एक विमान शुक्रवार दोपहर कुछ ही देर बाद वापस दिल्ली लौट आया। विमान के रवाना होने के बाद रनवे पर टायर का संदिग्ध मलबा देखे जाने के बाद यह वापस लौटा। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पायलट को फ्लाइट का टायर फटने की आशंका थी, जिसके बाद फ्लाइट को वापस ले लिया और प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
Air India Flight AI143 operating from Delhi to Paris air-returned today, 28th July shortly after take-off, following the Delhi ATC’s information to the flight crew about suspected tyre debris seen on the runway after departure. More details awaited. pic.twitter.com/2NDcaNtDgo
— ANI (@ANI) July 28, 2023
ATC ने फ्लाइट क्रू को दी जानकारी
विमानन कंपनी ने एक बयान में कहा कि विमान दोपहर 2 बजकर 18 मिनट पर सुरक्षित रूप से दिल्ली हवाई अड्डे पर उतर गया। बयान में कहा गया, 28 जुलाई 2023 को उड़ान संख्या एआई143 के दिल्ली से पेरिस रवाना होने के बाद दिल्ली हवाई यातायात नियंत्रण कक्ष (ATC) ने फ्लाइट क्रू को बताया कि उड़ान भरने के बाद रनवे पर टायर का संदिग्ध मलबा दिखा है, जिसके कुछ देर बाद विमान लौट आया। कंपनी के अनुसार, विमान की आवश्यक जांच की गई और एआई143 के यात्रियों के लिए वैकल्पिक प्रबंध किए जा रहे हैं।
DGCA ने इंडिगो पर लगाया 30 लाख का जुर्माना
इधर, विमानन नियामक डीजीसीए (DGCA) ने इंडिगो एयरलाइंस पर 30 लाख रुपए का जुर्माना लगाया है। इसके साथ ही डीजीसीए की आवश्यकताओं और ओईएम दिशानिर्देशों के अनुरूप अपने दस्तावेजों और प्रक्रियाओं में संशोधन करने का भी निर्देश दिया है। बता दें कि, साल 2023 में इंडिगो एयरलाइंस ने छह महीने की अवधि के भीतर ए321 विमान पर चार टेल स्ट्राइक घटनाओं का अनुभव किया। DGCA ने एयरलाइंस को कारण बताओ नोटिस जारी कर तय समय सीमा के भीतर अपना जवाब देने का निर्देश दिया है।