
मुरैना में रिटायर्ड फौजी के घर हुई चोरी का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। सोमवार-मंगलवार की रात रिटायर्ड फौजी पंकज सिंह तोमर के घर से चोर ताला तोड़कर मैन गेट से घुसा। चोर ने डेढ़ लाख से अधिक की नगदी, 25 तोला सोना, 315 बोर की बंदूक, 50 कारतूस सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए थे। ये चोरी की वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके आधार पर पुलिस चोर की पहचान में जुट गई है।
#मुरैना: रिटायर्ड फौजी के घर हुई #चोरी का CCTV फुटेज सामने आया है। फुटेज में एक चोर मैन गेट की कुंडी तोड़ता हुआ दिखाई दे रहा है।#Morena #Stolen #MPNews #PeoplesUpdate pic.twitter.com/4gcvjTCXKO
— Peoples Samachar (@psamachar1) September 7, 2022
नकाबपोश चोर ने 6 मिनट में की चोरी
जानकारी के मुताबिक, शहर की न्यू हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में हनुमानजी वाले पार्क के सामने रहने वाले पंकज सिंह तोमर सेवानिवृत्त फौजी वर्तमान में बिजली कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड हैं। पंकज सिंह के घर सामने वाले पार्क में बने हनुमानजी मंदिर पर रामायण का पाठ चल रहा है। मंगलवार की रात 3 बजे वह मंदिर पर रामायण पाठ करने गए थे।
इसी दौरान गैलरी के गेट की कुंडी को तोड़कर अज्ञात बदमाश उनके घर में घुस गया। 6 मिनट के भीतर ही बदमाश घर के बाहर निकल गया। यह पूरी घटना रिटायर फौजी के घर के पास ही खड़े आइसक्रीम वैन के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सीसीटीवी कैमरे में नकाबपोश चोर बंदूक व कारतूस का पट्टा ले जाते हुए दिख रहा है।
रिटायर्ड फौजी घर ये समान हुआ गायब
चोरी की घटना के बाद रिटायर्ड फौजी ने पुलिस को जो आवेदन दिया। जिसमें 85 हजार रुपए की नकदी और 10 तोला सोना चोरी बताया। साथ ही 315 बोर की बंदूक और 50 कारतूस का भी चोरी होना बताया। इसके कुछ घंटे बाद ही दूसरा आवेदन दिया गया। जिसमें डेढ़ लाख रुपए की नकदी और 27 तोला सोने के गहने चोरी होना बताया। गहनों में दो हार, 6 अंगूठी, 2 मंगलसूत्र, एक सोने की चेन, एक सोने के मोतियों की माला, चार जोड़ी झुमकी, एक पड़े पेंडल के अलावा नाक-कान के छोटे सोने के गहनों के अलावा चांदी की पायजेब जोड़ियां भी चोरी हो गईं।
ये भी पढ़ें: इंदौर में DRI की बड़ी कार्रवाई : 3.72 करोड़ का सोना बरामद, मुंबई से व्यापारी समेत 3 तस्कर गिरफ्तार
CCTV फुटेज में कैद हुआ चोर
फिलहाल पुलिस ने 27 तौला गहने, डेढ़ लाख नकदी, बंदूक व कारतूसों के चोरी की एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं जिस समय चोर घर में घुसा उसकी यह हरकत मकान के बगल में खड़े आइसक्रीम के ठेले पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सिविल लाइन थाना पुलिस इस फुटेज के आधार पर चोर को खोजने में जुट गई है।