ताजा खबरराष्ट्रीय

जम्मू कश्मीर : घाटी की सबसे कठोर सर्दियों की अवधि ‘चिल्लई-कलां’ समाप्त, मैदानी इलाकों में नहीं हुई बर्फबारी

श्रीनगर। जम्मू कश्मीर में भीषण ठंड की 40 दिन की अवधि ‘चिल्लई कलां’ मंगलवार को समाप्त हो गई। इस अवधि में कश्मीर के मैदानी इलाकों में कोई बर्फबारी नहीं हुई और घाटी के ऊपरी क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। हालांकि 40 दिनों की इस कठोर सर्दी वाली अवधि के आखिरी दिनों में घाटी के ऊपरी इलाकों में हल्की से मध्यम बर्फबारी हुई थी। इस अवधि में घाटी में सर्वाधिक बर्फबारी होने की संभावना रहती है। इस दौरान घाटी में लंबे समय तक शुष्क मौसम बना रहा और मैदानी इलाकों में बर्फबारी नहीं हुई।

क्या है चिल्लई कलां ?

‘चिल्लई कलां’ में घाटी में भयंकर शीत लहर का प्रकोप रहता है और तापमान जमाव बिंदु तक नीचे चला जाता है, जिससे जलाशयों (डल झील, वुलर झील) के साथ-साथ पाइपों में भी पानी जम जाता है। ‘चिल्लई खुर्द’ जिसकी अवधि 20 दिन होती है और 10 दिन की ‘चिल्लई बच्चा’ के साथ ‘चिल्लई कलां’ की समाप्ति के बाद भी कश्मीर में ठंड की स्थिति जारी है। इतनी हीं नहीं कड़ाके की ठंड की वजह से सूर्य बादलों में पूरे महीने छिपी रहता है। इसी को चिल्लई कलां कहा जाता है।

गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा

इस बीच जम्मू-कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछली रात के 3.6 डिग्री सेल्सियस से कम है। पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 3.3 डिग्री सेल्सियस नीचे, काजीगुंड में 0.4 डिग्री सेल्सियस, कोकेरनाग में 0.7 डिग्री सेल्सियस और कुपवाड़ा में 0.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया और यह घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा।

बारिश और बर्फबारी की संभावना

मौसम विज्ञानियों ने मंगलवार दोपहर से एक फरवरी तक केंद्र शासित प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई है। कुपवाड़ा, बांदीपोरा, बारामूला, गांदरबल, शोपियां, कुलगाम में कुछ ऊपरी इलाकों में भारी बर्फबारी की संभावना है। क्षेत्र में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा और दो फरवरी को कुछ ऊपरी इलाकों में बहुत हल्की बर्फबारी होने की संभावना है। 3 से 4 फरवरी तक कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है, जिसके बाद 10 फरवरी तक मौसम शुष्क रहेगा।

ये भी पढ़ें- सोमवार से लापता झारखंड के सीएम Hemant Soren रांची पहुंचे, दिल्ली आवास से 36 लाख रुपए जब्त, ED ने सीज की BMW कार; गिरफ्तारी पर लटकी तलवार!

संबंधित खबरें...

Back to top button