अब मैं दूध नहीं पी रहा...हर मुकाबले में एक जैसी बैटिंग नहीं कर सकते, IPL में 5 अवॉर्ड्स जीतने के बाद बोले वैभव

स्पोर्ट्स डेस्क। IPL 2026 में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपने प्रदर्शन से हर किसी को प्रभावित किया। शानदार बल्लेबाजी के दम पर उन्हें इस सीजन का मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) चुना गया। वैभव ने पूरे टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 776 रन बनाए और ऑरेंज कैप अपने नाम की। सिर्फ रन ही नहीं, उन्होंने 237.31 के स्ट्राइक रेट के साथ ‘सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन’ का अवॉर्ड भी जीता। इसके अलावा पूरे सीजन में सबसे ज्यादा 72 छक्के लगाकर ‘सुपर सिक्सेस ऑफ द सीजन’ का खिताब भी हासिल किया। कुल मिलाकर वैभव ने IPL 2026 में पांच बड़े अवॉर्ड अपने नाम किए।
5 इनाम सहित 1 कार भी जीती
वैभव को इन अवॉर्ड्स के जरिए कुल 45 लाख रुपए की पुरस्कार राशि मिली। वहीं, सुपर स्ट्राइकर ऑफ द सीजन बनने पर उन्हें इनाम में टाटा सिएरा कार भी दी गई। अवॉर्ड लेने के बाद वैभव ने मजेदार अंदाज में कहा, “इंटरव्यू देना मेरे लिए बल्लेबाजी से ज्यादा मुश्किल काम है। अच्छा लग रहा है, लेकिन इंटरव्यू के कारण थोड़ा दबाव महसूस हो रहा है।
‘अब मैं दूध नहीं पी रहा’- वैभव
प्रेजेंटेशन के दौरान रवि शास्त्री ने वैभव से हल्के-फुल्के अंदाज में पूछा कि वे कितना दूध पीते हैं। इस पर वैभव मुस्कुराते हुए बोले, अभी मैं दूध नहीं पी रहा हूं। मैं सिर्फ अपने खेल पर भरोसा करता हूं। अगर गेंद मेरे जोन में होती है, तो मैं उसे पूरी ताकत से खेलने की कोशिश करता हूं। उनका यह जवाब सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया।
यह भी पढ़ें: VIRUSHKA : IPL ट्रॉफी के साथ झलका प्यार, विराट और अनुष्का की रोमांटिक तस्वीर ने जीता फैंस का दिल
हर मैच एक जैसा नहीं होता
वैभव ने बताया कि इस सीजन उन्हें दबाव वाले मुकाबलों में खेलने का अहम अनुभव मिला। उनके मुताबिक, हर मैच में एक जैसा खेल नहीं चलता और टीम की जरूरत के हिसाब से रणनीति बदलनी पड़ती है। उन्होंने कहा कि प्लेऑफ मुकाबलों ने उन्हें मैच की परिस्थितियों को बेहतर तरीके से समझना सिखाया।
एक सीजन में 72 छक्के जड़े
वैभव ने इस सीजन 72 छक्के लगाकर एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड बना दिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल के नाम था, जिन्होंने 59 छक्के लगाए थे। इसके साथ ही वैभव ऑरेंज कैप जीतने वाले IPL इतिहास के सबसे युवा खिलाड़ी भी बन गए। उन्होंने यह उपलब्धि महज 15 साल 65 दिन की उम्र में हासिल की। उन्होंने 1 शतक और 5 अर्धशतक भी लगाए।
यह भी पढ़ें: सूर्यकुमार की कप्तानी पर खतरा! वैभव कभी भी टीम इंडिया में मार सकते हैं एंट्री, BCCI ने तैयार की लिस्ट
फिटनेस पर रहेगा अगला फोकस
सीजन खत्म होने के बाद वैभव ने साफ कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य फिटनेस पर ज्यादा काम करना है। उनका मानना है कि लंबे समय तक क्रिकेट खेलने और चोटों से बचने के लिए फिटनेस बेहद जरूरी है।











