
कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष की दौड़ से राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत भी हट गए हैं। सीएम अशोक गहलोत और कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की बैठक खत्म हो गई है। करीब डेढ़ घंटे की मुलाकात के बाद गहलोत ने साफ कर दिया कि वे कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव नहीं लड़ेंगे। वहीं दिग्विजय सिंह ने आज नामांकन पत्र ले लिया है। वे कल नामांकन दाखिल करेंगे। शशि थरूर भी अध्यक्ष पद की रेस में हैं, लेकिन अशोक गहलोत के पीछे हट जाने के बाद दिग्विजय सिंह का रास्ता साफ माना जा रहा है।
गहलोत ने सोनिया गांधी से मांगी माफी
सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद अशोक गहलोत ने कहा कि पिछले 50 साल से मैंने कांग्रेस के एक वफादार सिपाही के रूप में काम किया। मुझ पर भरोसा दिखाकर जो भी जिम्मेदारी दी गई, मैंने ईमानदारी से निभाई। विधायक दल की बैठक के दिन हुई घटना ने सबको हिलाकर रख दिया। ऐसा लगा जैसे कि मैं मुख्यमंत्री बना रहना चाहता हूं, इसलिए मैंने उनसे माफी मांगी है। इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि राजस्थान में जो कुछ हुआ, उसके लिए वे काफी दुखी हैं, वे काफी आहत हुए हैं। इसके लिए उन्होंने सोनिया गांधी से माफी भी मांगी है।
राजस्थान में विधायकों ने किया था इस्तीफे का ऐलान
गौरतलब है कि राजस्थान में अशोक गहलोत के कांग्रेस अध्यक्ष पद के ऐलान के बाद सीएम बदलने की चर्चा थी। इसके बाद गहलोत गुट के विधायक खुलकर पार्टी आलाकमान के खिलाफ आ गए थे। 82 विधायकों ने स्पीकर को अपना इस्तीफा सौंप दिया था। साथ ही कांग्रेस की ओर से भेजे गए पर्यवेक्षकों अजय माकन और मल्लिकार्जुन खड़गे से भी विधायकों ने शर्त रखकर मिलने से इनकार कर दिया था। इसके बाद माकन और खड़गे ने रिपोर्ट सोनिया गांधी को सौंपी थी। बताया जा रहा था कि राजस्थान में हुए पूरे घटनाक्रम के बाद से कांग्रेस आलाकमान अशोक गहलोत से काफी नाराज था।
ये भी पढ़ें: दिग्विजय सिंह लड़ेंगे कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव, दिल्ली में बोले- कल नामांकन दाखिल करूंगा

चुनावी मैदान में उतरे दिग्विजय सिंह
राजस्थान में हुए सियासी ड्रामे के बीच दिग्विजय सिंह ने ऐलान किया है कि वे अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने गुरुवार को नामांकन फॉर्म भी ले लिया है। वे कल इसे भरेंगे। इसके बाद माना जा रहा था कि आलाकमान ने गहलोत पर दबाव डालने के लिए दिग्विजय सिंह को मैदान में उतारने का फैसला किया है। हालांकि अशोक गहलोत के रेस से बाहर होने के बाद दिग्विजय सिंह का रास्ता साफ हो गया है।
ये भी पढ़ें: आदिवासी न्याय यात्रा भोपाल पहुंची : फिर फटा विधायक का कुर्ता… धरने पर बैठे कांग्रेसी नेता; देखें VIDEO
कल नामांकन की अंतिम तारीख
कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू हुई तथा 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।
ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी से आज मुलाकात करेंगे गहलोत, पायलट ने भी दिल्ली में डाला डेरा