उत्तराखंड : उत्तरकाशी टनल में फंसे मजदूरों का पहला वीडियो आया सामने, 10वें दिन सुरंग में पहुंचा एंडोस्कोपिक कैमरा; सभी 41 लोग सुरक्षित

उत्तरकाशी। उत्तराखंड के उत्तरकाशी में सिलक्यारा टनल में 10 दिन से फंसे 41 मजदूरों का पहला वीडिया सामने आया है। जिसमें टनल में फंसे मजदूर दिखाई दे रहे हैं, सभी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। मजदूरों की स्थिति देखने के लिए 6 इंच चौड़ी नई पाइपलाइन के जरिए एंडोस्कोपिक कैमरा अंदर भेजा गया। इसके जरिए उनसे बातचीत हुई और उनका हालचाल जाना गया। इस पाइप के जरिए बोतल में भरकर मजदूरों के लिए खिचड़ी पानी भी भेजा गया।
सुरंग के अंदर डाला गया छह इंच का पाइप
सोमवार को रेस्क्यू ऑपरेशन टीम ने सुरंग के अंदर एक छह इंच का पाइप डाला था, जिसके जरिए मजदूरों तक खाना भेजा गया। मजदूरों का हाल चाल जानने के लिए पाइप के जरिए सुरंग में कैमरा भी भेजा गया। इसी में सुरंग के अंदर के हालात कैद हुए हैं। जिसमें ये देखा जा सकता है कि मजदूर किन हालातों में सुरंग में पिछले दस दिनों से रह रहे हैं। अधिकारियों ने वॉकी टॉकी के जरिए मजदूरों से बात की। सुरंग से मजदूरों के रेस्क्यू में जुड़े कर्नल दीपक पाटिल के मुताबिक, सुरंग के अंदर फंसे लोगों को खाना, मोबाइल और चार्जर भेजने की कोशिश की जा रही है। अंदर वाईफाई कनेक्शन लगाने की भी कोशिश की जाएगी, डीआरडीओ के रोबोट भी काम कर रहे हैं। देखें वीडियो...
बोतल के जरिए पहुंचाया गया खाना
सुरंग में फंसे 41 मजदूरों के लिए 6 इंच चौड़ी पाइप के जरिए 24 बोतल भर कर खिचड़ी और दाल भेजी गई। 9 दिन बाद पहली बार मजदूरों को भरपेट भोजन मिला। इसके अलावा संतरे, सेब और नींबू का जूस भी भेजा गया। अभी तक पाइप के जरिए सिर्फ मल्टी विटामिन, मुरमुरा और सूखे मेवे भेजे जा रहे थे।











