
देशभर में आज ईद-उल-अजहा का पर्व मनाया जा रहा है। इस त्योहार को ईद-उल-अजहा या कुर्बानी का त्योहार भी कहा जाता है। रमजान के पवित्र महीने के ठीक 70 दिन बाद बकरीद मनाई जाती है। दिल्ली की जामा मस्जिद सहित देशभर की मस्जिदों में लोगों ने नमाज अदा की और खुदा से अमन-चैन की दुआएं मांगी। वहीं इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को बधाई दी।
पीएम मोदी ने ट्वीट कर दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट किया, “ईद मुबारक! ईद-उल-अजहा की शुभकामनाएं। यह त्योहार हमें मानवता की भलाई और समृद्धि की भावना को आगे बढ़ाने की के लिए प्रेरित करे।”
राष्ट्रपति: यह त्योहार बलिदान और मानव सेवा का प्रतीक है
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने भी देशवासियों को बकरीद की बधाई दी। उन्होंने कहा, यह त्योहार बलिदान और मानव सेवा का प्रतीक है। आइए, इस अवसर पर मानव जाति की सेवा के लिए खुद को समर्पित करने और देश की खुशहाली तथा समग्र विकास के लिए काम करने का संकल्प लें।

सीएम शिवराज: यह पर्व समाज में प्रेम का आधार बने
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहाव ने भी ट्वीट कर देशवासियों को बकरीद की बधाई दी। उन्होंने लिखा, त्याग और बलिदान का यह पर्व समाज में प्रेम, सौहार्द की वृद्धि का आधार बने; आपके जीवन में खुशहाली आये, आनंद में वृद्धि हो।
इस्लाम धर्म के प्रमुख त्योहारों में एक है बकरीद
इस्लाम धर्म के प्रमुख त्योहारों में से एक बकरीद को ईद-उल-अजहा भी कहा जाता है। ईद-उल फित्र के बाद मुसलमानों का ये दूसरा सबसे बड़ा त्योहार है। इस मौके पर ईदगाह या मस्जिदों में विशेष नमाज अदा की जाती है।
