ताजा खबरभोपालमध्य प्रदेश

मुंगावली के भाजपा नेता यादवेंद्र सिंह ने थामा कांग्रेस का हाथ, कहा- कार्यकर्ताओं का शोषण हो रहा, इसलिए छोड़ी पार्टी

भोपाल। अशोकनगर जिले के मुंगावली के भाजपा नेता यादवेंद्र सिंह यादव ने बुधवार को भाजपा का दामन छोड़ कांग्रेस का हाथ थाम लिया। यादवेंद्र अशोकनगर और गुना भाजपा के नेता और 3 बार के विधायक रहे स्व. राव देशराज यादव के पुत्र हैं।  उन्होंने अपने तमाम समर्थकों के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह और पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव की मौजूदगी में कांग्रेस की सदस्यता ली।

यादवेंद्र ने कहा- भाजपा पिछले तीन साल से हमारे कार्यकर्ताओं का शोषण कर रही है। उन्हें प्रताड़ित और अपमानित कर रही है। भ्रष्टाचार चरम पर है और महंगाई आसमान पर है। इस वजह से हमने अपने साथियों के साथ चर्चा की और कांग्रेस की नीति-रीति से प्रभावित होकर पार्टी जॉइन की है। हमने जिस तरह से मेहनत करके भाजपा को ऊंचाइयों पर पहुंचाया था, वैसे ही कांग्रेस को पहुंचाएंगे। 2023 में अशोक नगर की तीनों सीटों पर कांग्रेस को जिताएंगे।

कमलनाथ बोले- अब दिखावा नहीं चलेगा

इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा- नाटक और दिखावे से अब सरकार नहीं चलने वाली है। यह समझते हैं की सड़क से 10 लड़के पकड़ लाओ और कार्यक्रम कर दो और कहो बीजेपी ज्वाइन कर ली है। अब यह नाटक नहीं चलने वाला है। उन्होंने कहा कि चुनाव के वक्त शिवराज को प्रदेश की जनता दिखती है। हमारी 15 महीने की सरकार से हिसाब मांगते हैं और खुद 18 साल का हिसाब आज तक नहीं दे सके। शिवराज के हर रोज सवाल पूछने वाले बयान पर कमलनाथ ने कहा- मुझे किसी के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं।

छिंदवाड़ा की सभी सीटें जीतेंगे

पिछले विधानसभा चुनावों में मोदीजी आए थे। हम छिंदवाड़ा की सभी सीटें जीते। छिंदवाड़ा में चुनाव जनता और बीजेपी के बीच में होता है। छिंदवाड़ा ने 44 साल मुझे प्यार और विश्वास दिया है, कोई आए या जाए, यह कायम रहेगा। जब भी चुनाव नजदीक होता है, शिवराज सिंह जी को घोषणाओं का नशा आता है। वे सोचते हैं कि इन घोषणाओं से मप्र की जनता को गुमराह कर पाएंगे। लेकिन 18 साल तक इन्होंने जैसे धोखा दिया, वह जनता समझ गई है। इनकी विकास यात्राओं का विरोध हुआ।

वह कहते हैं कमलनाथ को गाड़ दूंगा

कमलनाथ ने कहा – वह कहते हैं- मैं कमलनाथ को गाड़ दूंगा। लेकिन मैं ऐसी भाषा का इस्तेमाल नहीं करता। मैं भी गाड़ूंगा, लेकिन बेरोजगारी, महिला अत्याचार जैसी समस्याओं को गाड़ूंगा। उन्होंने कहा- शिवराज जब किसान के बेटे बने तब सबसे ज्यादा किसानों की आत्महत्या मप्र में हुई। जब मामा बने तो महिलाओं पर अत्याचार सबसे ज्यादा मप्र में हुए। मध्यप्रदेश का हर वर्ग परेशान है।

चुनाव के वक्त शिवराज को आता है नशा

कमलनाथ ने कहा- चुनाव के वक्त शिवराज को योजनाओं की घोषणाओं का नशा आता है। पहले यह मामा बनते थे, फिर किसान के बेटे बनते थे और सबसे ज्यादा इनके राज्य में महिलाओं पर अत्याचार हुआ, किसानों पर अत्याचार हुआ। इस दौरान कमलनाथ ने अपनी सरकार बनने पर महिलाओं को 15 सौ रुपए प्रतिमाह देने और गैस सिलेंडर 500 रुपए प्रतिमाह में उपलब्ध कराने का वादा दोहराया।

 शिवराज बौखलाए हैं, जनता जवाब देगी

कमलनाथ ने कहा मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत उनके कार्यकर्ता बौखलाए हुए हैं। आने वाले 6, 7 महीने में जनता इनका फैसला करने वाली है। मुझे जनता पर पूरा भरोसा है। मैं संतुष्ट हूं जनता हमारा साथ देगी।

यह भी पढ़ें CM शिवराज ने कहा- कांग्रेस का नीति वाक्य होना चाहिए, झूठ के साथ कमलनाथ; PM मोदी समेत वरिष्ठ नेताओं का MP में स्वागत है

संबंधित खबरें...

Back to top button