नई दिल्ली। प्रधानमंत्री मोदी ने रविवार को साल 2022 के अंतिम मन की बात कार्यक्रम को संबोधित किया। 96वें एपिसोड में पीएम मोदी ने साल भर की उपलब्धियां बताईं। उन्होंने कहा कि देश ने अपनी आजादी के 75 साल पूरे किए। साथ ही देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज जीसस क्राइस्ट की शिक्षाओं को याद करने का दिन है। उन्होंने कोरोना के नए खतरे को देखते हुए देशवासियों को सावधान रहने को कहा।
2022 कई मायनों में अलग
पीएम मोदी ने कहा कि, 2022 वाकई कई मायनों में बहुत ही प्रेरक रहा, अद्भुत रहा। इस साल भारत ने अपनी आजादी के 75 साल पूरे किए और इसी साल अमृतकाल का प्रारंभ हुआ। 2022 ने नई रफ्तार पकड़ी, सभी देशवासियों ने एक से बढ़कर एक काम किया।
प्रधानमंत्री ने कोरोना को लेकर जताई चिंता
चीन में कोरोना से हर दिन हजारों मौतें हो रही हैं। PM मोदी ने लोगों से महामारी से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आप भी देख रहे हैं कि दुनिया के कई देशों में कोरोना बढ़ रहा है। इसलिए हम सभी को मास्क और सैनिटाइजेशन का ज्यादा ध्यान रखना है। हम सावधान रहेंगे, तो सुरक्षित भी रहेंगे।
2025 तक भारत को टीबी मुक्त करना है
हमने भारत से Smallpox, Polio और ‘Guinea Worm’ जैसी बीमारियों को समाप्त करके दिखाया है। सबकी कोशिश से कालाजार नाम की ये बीमारी अब तेजी से खत्म हो रही है। हमारा देश जब कालाजार से भी मुक्त हो जाएगा, तो ये हम सभी के लिए कितनी खुशी की बात होगी। इसी भावना से हमें भारत को 2025 तक टी.बी. मुक्त करना है। आपने देखा होगा कि बीते दिनों जब टी.बी. मुक्त भारत अभियान शुरू हुआ तो हजारों लोग टी.बी. मरीजों की मदद के लिए आगे आए।
2022 में देशवासियों ने इतिहास लिखा
पीएम मोदी ने कहा कि, 2022 में भारत को G-20 समूह की अध्यक्षता की जिम्मेदारी भी मिली। साल 2023 में हमें G-20 के उत्साह को नई ऊंचाई पर लेकर जाना है, इस आयोजन को एक जन-आंदोलन बनाना है। पीएम ने कहा कि 2022 में देशवासियों ने एक और अमर इतिहास लिखा है।
अटल बिहारी वाजयेपी को किया याद
मन की बात में PM मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजयेपी को याद किया। उन्होंने कहा कि वे एक महान राजनेता थे, जिन्होनें देश को असाधारण नेतृत्व दिया। हर भारतवासी के ह्रदय में उनके लिए एक खास स्थान है।
पीएम ने एक वाकये का जिक्र करते हुए कहा कि मुझे कोलकाता से आस्था जी का एक पत्र मिला है। इस पत्र में उन्होंने हाल की अपनी दिल्ली यात्रा का जिक्र करते हुए लिखा है कि, इस दौरान उन्होंने पीएम म्यूजियम देखने के लिए समय निकाला। इस म्यूजियम में उन्हें अटल जी की गैलरी खूब पसंद आई।