
ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘द कश्मीर फिल्म’ के निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री पिछले कुछ समय से अपने ट्वीट को लेकर विवादों में बने हुए हैं। जस्टिस एस. मुरलीधर के खिलाफ टिप्पणी करने के मामले में दिल्ली हाई कोर्ट में माफी मांगने के अगले दिन ही उन्होंने एक और विवादित ट्वीट किया है।
विवेक अग्निहोत्री ने ऐसा क्या लिखा है?
विवेक अग्निहोत्री ने भारतीय न्यायपालिका पर सवाल खड़े करते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा कि,
“भारतीय न्यायपालिका:
– 33 लाख लंबित मामले
– 360 साल का बैकलॉग
– बेमतलब की छुट्टियां। SC केवल 193 दिन काम करता है, HC केवल 210 दिन, निचली अदालतें 245 दिन (औसत)
– कानूनों और नियमों को लागू करने में निरंतरता का अभाव
– 77% लोग इसे सबसे भ्रष्ट संस्थान मानते हैं।
इस बात से सहमत हैं?”
यूजर्स कर रहे कमेंट
फिल्ममेकर के इस ट्वीट पर कई लोगों ने कमेंट भी किए हैं। एक यूजर ने लिखा- मैं आपसे पूरी तरह से सहमत हूं सर। दूसरे ने लिखा- आपको अगली फिल्म इसी टॉपिक पर बनानी चाहिए। इसके अलावा कई लोगों ने इसको लेकर असहमति भी जताई है। इसके अलावा कई लोगों ने उनके इस पोस्ट को रीट्वीट भी किया है।
जस्टिस मुरलीधर के खिलाफ किया था ट्वीट
बता दें कि, विवेक रंजन अग्निहोत्री ने भीमा कोरेगांव मामले में गौतम नवलखा को राहत देने वाले जस्टिस मुरलीधर के खिलाफ पक्षपात का आरोप लगाया था। उन्होंने यह आरोप 2018 में एक ट्वीट कर लगाए थे। जिसके बाद दिल्ली हाईकोर्ट ने सख्ती दिखाते हुए उनके खिलाफ कोर्ट की अवमानना का नोटिस जारी किया था। इसके बाद उन्होंने माफी मांगते हुए एक हलफनामा दायर किया था।
हालांकि, अदालत ने इस मामले में फिल्ममेकर से सुनवाई के लिए निजी तौर पर मौजूद रहने की बात कही। अदालत में अब इस मामले की सुनवाई 16 मार्च 2023 को होगी।