अमेरिका का ईरान पर फिर हमला, 12 लोगों की मौत का दावा; जवाब में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर ईरानी स्ट्राइक

अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बढ़ गया है। अमेरिका ने दो दिन के अंतराल के बाद ईरान में कई ठिकानों पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं। ईरान के मुताबिक इन हमलों में 12 लोगों की मौत हुई है और 68 लोग घायल हुए हैं। वहीं ईरान ने जवाबी कार्रवाई करते हुए जॉर्डन और बहरीन स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने का दावा किया है। ईरान के अनुसार अमेरिकी सेना ने मंगलवार रात सिरिक, खुजस्तान, किश्म द्वीप और बंदर अब्बास में हमले किए। हालांकि अमेरिका का कहना है कि उसकी कार्रवाई केवल ईरान के सैन्य ठिकानों तक सीमित थी।
शादी समारोह के दौरान मिसाइल गिरने का दावा
ईरान ने दावा किया है कि सिरिक में एक शादी समारोह के दौरान मिसाइल गिर गई। इस घटना में पांच लोगों की मौत हुई जिनमें चार साल का एक बच्चा भी शामिल बताया गया है। इसके अलावा खुजस्तान प्रांत में हुए हमले में सात लोगों की मौत और आठ लोगों के घायल होने की जानकारी ईरान की ओर से दी गई है। इन दावों के बीच अमेरिका लगातार कह रहा है कि उसके हमलों का निशाना ईरान के सैन्य प्रतिष्ठान हैं।
ये भी पढ़ें: बाढ़ से तबाह नेपाल में भारत बना सहारा? PM बालेन शाह ने पहले कहा ‘थैंक्यू इंडिया’, फिर चीन का किया जिक्र
जॉर्डन और बहरीन में अमेरिकी ठिकानों पर जवाबी हमला
अमेरिकी हमलों के बाद ईरान ने जवाबी कार्रवाई का दावा किया है। ईरान के मुताबिक उसकी सेना ने जॉर्डन और बहरीन में मौजूद अमेरिकी सैन्य ठिकानों को निशाना बनाया।
ईरानी संसद के स्पीकर ने अमेरिका पर साधा निशाना
शादी समारोह पर मिसाइल गिरने की घटना के बाद ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद गालिबाफ ने अमेरिका पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अमेरिका को 'शैतान' बताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया दी। गालिबाफ ने मीनाब में एक स्कूल पर हुए पहले के हमले का भी उल्लेख किया। ईरान का दावा है कि उस हमले में 156 लोगों की मौत हुई थी जिनमें 120 बच्चे शामिल थे।
अमेरिका का दावा- केवल सैन्य ठिकाने निशाने पर
अमेरिका की ओर से लगातार यह कहा जा रहा है कि उसकी सैन्य कार्रवाई ईरान के सैन्य ठिकानों के खिलाफ है। दूसरी ओर, ईरान अमेरिकी हमलों में आम नागरिकों के प्रभावित होने का दावा कर रहा है।




















