
प्रयागराज। महाकुंभ में एक अनोखी शादी देखने को मिली। ग्रीस की पेनेलोप और भारत के सिद्धार्थ शिव खन्ना ने हिंदू रीति-रिवाजों के साथ सात फेरे लिए। इस आध्यात्मिक विवाह में साधु-संत बराती बने और जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि ने कन्यादान किया। शादी के बाद दुल्हन पेनेलोप ने कहा कि सनातन धर्म ही खुशहाल जीवन का असली मार्ग है।
थाईलैंड में हुई पहली मुलाकात
पेनेलोप ग्रीस के एथेंस की रहने वाली हैं और टूरिज्म मैनेजमेंट में ग्रेजुएट हैं। उन्होंने बताया कि योग के प्रति उनका रुझान उन्हें थाईलैंड ले गया। वहां उन्होंने 9 साल पहले योग सीखते समय सिद्धार्थ से मुलाकात की। धीरे-धीरे यह परिचय प्रेम में बदल गया और दोनों ने शादी करने का फैसला किया। सिद्धार्थ नई दिल्ली के वेस्ट पंजाबी बाग के रहने वाले हैं और पेशे से योग शिक्षक हैं और दुनिया के कई देशों में योग सिखाते हैं।
पेनेलोप ने कहा- शादी दिव्य और आध्यात्मिक थी
पेनेलोप ने बताया कि जब सिद्धार्थ ने उनसे पूछा कि शादी भारत में होनी चाहिए या ग्रीस में, तो उन्होंने भारत को चुना। उन्होंने कहा कि आधुनिक शादियों में शराब जैसी चीजें शामिल हो गई हैं, लेकिन उनकी शादी एक दिव्य और आध्यात्मिक अनुभव था। यह उनकी पहली भारतीय शादी का अनुभव था और इसे लेकर वे बेहद उत्साहित थीं। उन्होंने इसे एक ऐसा अनुभव बताया जो उन्हें हमेशा याद रहेगा।
मौनी अमवस्या के दिन लगाएंगी डुबकी
पेनेलोप ने कहा कि उन्होंने खुशहाल जीवन और समस्याओं का समाधान खोजने के लिए बौद्ध धर्म को अपनाया, लेकिन बाद में महसूस किया कि सनातन धर्म ही जीवन जीने और जन्म-मरण के चक्र से मुक्ति का मार्ग है। उन्होंने महाकुंभ में शामिल होकर गंगा स्नान और आध्यात्मिक माहौल का अनुभव किया। 29 जनवरी को मौनी अमावस्या के दिन संगम में डुबकी लगाने का भी उन्होंने संकल्प लिया।
वहीं, दूल्हा सिद्धार्थ ने कहा कि उन्होंने अपनी शादी को सबसे प्रामाणिक तरीके से करने का फैसला किया था। उनके अनुसार, प्रयागराज इस समय विश्व में सबसे दिव्य और आध्यात्मिक स्थान है। यहां तीर्थस्थलों और साधु-संतों के आशीर्वाद से उनकी शादी और भी खास बन गई।
स्वामी यतींद्रानंद गिरि ने दिया आशीर्वाद
जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी यतींद्रानंद गिरि ने कहा कि सिद्धार्थ और पेनेलोप पिछले कुछ वर्षों से सनातन धर्म का पालन कर रहे हैं। पेनेलोप शिव की भक्त हैं और स्वामी यतींद्रानंद गिरि की शिष्या भी हैं। उनकी शादी महाकुंभ के शिविर में भारतीय परंपराओं के अनुसार सम्पन्न हुई।
ये भी पढ़ें- पीएम मोदी ने राष्ट्रपति ट्रंप से फोन पर की बात, भारत-अमेरिका रिश्तों को लेकर हुई चर्चा
One Comment