
मॉस्को। रूस की राजधानी मॉस्को में मौजूद क्रोकस सिटी हॉल पर बड़ा आतंकी हमला हुआ। हमले में शनिवार सुबह तक 60 से अधिक लोगों की मौत जबकि 145 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे थे। शनिवार शाम तक ये मृतकों का ये आंकड़ा 133 तक जा पहुंचा। सेना जैसी वर्दी पहने 5 आतंकियों ने अंधाधुंध गोलियां चलाईं और बम फेंके। हमले की जिम्मेदारी आतंकी संगठन ISIS ने ली है। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर दुख जताते हुए कहा- हम मॉस्को में हुए आतंकवादी हमले की निंदा करते हैं। हमारी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं।
रॉक बैंड के कॉन्सर्ट के दौरान हुआ हमला
हमला शुक्रवार शाम (22 मार्च) को हुआ। उस वक्त क्रोकस सिटी हॉल में सोवियत काल के प्रसिद्ध म्यूजिक बैंड ‘पिकनिक’ का परफॉर्मेंस चल रहा था, जिसमें 6200 लोग मौजूद थे। तभी 4-5 आतंकवादी ऑटोमैटिक हथियारों के साथ बिल्डिंग के एंट्री गेट पर पहुंचे और गोलीबारी शुरू की। उनके पास AK सीरीज के हथियार थे। उन्होंने मेन गैट बंद किया और लोगों को नजदीक से गोली मारीं। साथ ही बम भी फेके, धमाके के बाद हॉल का ऊपरी हिस्सा आग की चपेट में आ गया।
ईसाइयों की बड़ी सभा पर हमला किया : आतंकी संगठन
आतंकी संगठन IS ने मीडिया के जरिए बयान जारी कर कहा, ”इस्लामिक स्टेट के लड़ाकों ने रूस की राजधानी मॉस्को के बाहरी इलाके क्रास्नोगोर्स्क शहर में ईसाइयों की एक बड़ी सभा पर हमला किया, जिसमें सैकड़ों लोग मारे गए और घायल हो गए। उनके सुरक्षित रूप से अपने ठिकानों पर लौटने से पहले उस जगह पर भारी तबाही हुई। हमला करने के बाद हमारे लड़ाके मौके से भाग निकले।”
#मास्को : कंसर्ट हॉल में हमला, हमलावरों ने अंधाधुंध गोलीबारी की, 60 की मौत और 100 से अधिक के घायल होने की सूचना, क्रॉकस सिटी हॉल में कार्यक्रम के दौरान आतंकी हमला, ISIS ने ली जिम्मेदारी, देखें VIDEO#Moscow #MoscowAttack #Russia | #MoscowConcertFiring pic.twitter.com/pdQynQs6SJ
— Peoples Samachar (@psamachar1) March 23, 2024
रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस ने कहा कि, मौके पर पहुंचे स्पेशल फोर्स, पुलिस, दंगा रोधी टीमों ने बेसमेंट में फंसे 100 लोगों का रेस्क्यू किया। रूसी अधिकारियों के मुताबिक, इस आतंकवादी हमले की जांच की जा रही है। यह आतंकी हमला ऐसे समय में हुआ है जब व्लादिमीर पुतिन ने हाल ही में संपन्न राष्ट्रपति चुनाव में बड़ी जीत दर्ज की है और रूस के राष्ट्रपति के रूप में लगातार 5वां कार्यकाल संभालने जा रहे हैं। दूसरी ओर रूस बीते दो साल से यूक्रेन के साथ युद्ध लड़ रहा है।
#मॉस्को_अपडेट : #रूस में आतंकियों की अंधाधुंध गोलीबारी में मृतकों की संख्या बढ़कर 133 हुई, राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के मुताबिक 11 लोगों को हिरासत में लिया गया, #पुतिन ने राष्ट्र के नाम संबोधन में इसे बर्बर आतंकवादी हमला करार दिया, देखें VIDEO#Moscow #MoscowAttack #Russia… pic.twitter.com/zudEcDIi04
— Peoples Samachar (@psamachar1) March 23, 2024
पुतिन ने किया देशवासियों से बदला लेने का वादा
रूस की राजधानी मॉस्को में अंधाधुंध गोलीबारी में मृतकों की संख्या बढ़कर 133 होने की जानकारी शनिवार शाम को रूस की शीर्ष जांच एजेंसी ने दी। हमलावरों ने गोलीबारी के बाद समारोह स्थल को आग भी लगा दी थी। हालांकि इस्लामिक स्टेट (ISIS) आतंकवादी समूह की अफगानिस्तान शाखा ने सोशल मीडिया पर इस हमले की जिम्मेदारी ली है। वहीं, घटना के बाद रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने राष्ट्र के नाम संबोधन में कहा कि हमले में सीधे तौर पर शामिल 4 आतंकियों समेत 11 लोगों को हिरासत में लिया है। उन्होंने यह भी कहा हमलावर सीमा पारकर यूक्रेन की तरफ जाने की कोशिश कर रहे थे। इधर, यूक्रेन ने हमले में किसी भी तरह का हाथ होने से साफ इंकार किया है। पुतिन ने राष्ट्र के नाम संबोधन में इस हमले को बर्बर आतंकवादी कृत्य करार देते हुए कहा कि इसके दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।