UK New PM:एंडी बर्नहैम होंगे ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री, कीर स्टार्मर की जगह संभालेंगे कमान; जानिए कौन हैं लेबर पार्टी के नए नेता

ब्रिटेन में बड़ा राजनीतिक बदलाव होने जा रहा है, लेबर पार्टी के नए नेता एंडी बर्नहैम जल्द प्रधानमंत्री पद संभालेंगे। कीर स्टार्मर के इस्तीफे के बाद संवैधानिक प्रक्रिया के तहत नई सरकार का गठन होगा।
एंडी बर्नहैम होंगे ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री, कीर स्टार्मर की जगह संभालेंगे कमान; जानिए कौन हैं लेबर पार्टी के नए नेता
एंडी बर्नहैम होंगे ब्रिटेन के नए प्रधानमंत्री

ब्रिटेन की राजनीति में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। लेबर पार्टी ने एंडी बर्नहैम को अपना नया नेता चुन लिया है। पार्टी सांसदों के समर्थन के बाद अब उनके यूनाइटेड किंगडम के अगले प्रधानमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। मौजूदा प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर सोमवार को पद छोड़ेंगे। इसके बाद संवैधानिक प्रक्रिया पूरी होने पर एंडी बर्नहैम नई सरकार की कमान संभालेंगे। यह बदलाव ऐसे समय हो रहा है जब लेबर पार्टी के भीतर पिछले कई महीनों से नेतृत्व परिवर्तन की मांग तेज हो गई थी।

इस तरह बदलेगी सत्ता

ब्रिटेन में प्रधानमंत्री का चुनाव सीधे जनता नहीं करती। आम चुनाव में जिस पार्टी के पास हाउस ऑफ कॉमन्स में बहुमत होता है, उसी पार्टी का नेता प्रधानमंत्री बनता है। सोमवार को मौजूदा प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर बकिंघम पैलेस पहुंचकर किंग चार्ल्स तृतीय को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इसके बाद किंग चार्ल्स लेबर पार्टी के नए नेता एंडी बर्नहैम को सरकार बनाने के लिए औपचारिक रूप से आमंत्रित करेंगे। आमंत्रण स्वीकार करने के बाद बर्नहैम प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे और 10 डाउनिंग स्ट्रीट पहुंचकर नई सरकार की जिम्मेदारी संभालेंगे। परंपरा के अनुसार इसके बाद वह देश को अपना पहला संबोधन भी देंगे और जल्द ही नए मंत्रिमंडल की घोषणा करेंगे।

सरकार बनने के बाद हुई फैसलों की आलोचना

कीर स्टार्मर ने दो साल पहले लेबर पार्टी को बड़ी जीत दिलाकर सत्ता में वापसी कराई थी लेकिन सरकार बनने के बाद उनके कई फैसलों की आलोचना हुई। नीतियों में बार-बार बदलाव और कुछ मुद्दों पर यू-टर्न लेने से उनकी लोकप्रियता घटने लगी। हाल ही में हुए स्थानीय चुनावों में रिफॉर्म यूके पार्टी के बेहतर प्रदर्शन के बाद लेबर पार्टी के सांसदों को लगा कि अगले आम चुनाव से पहले नेतृत्व बदलना जरूरी है। इसी वजह से पार्टी ने एंडी बर्नहैम को नया नेता चुना।

ये भी पढ़ें: US-Iran War: होर्मुज स्ट्रेट बना जंग का नया मैदान... दो तेल टैंकरों में आग लगने का दावा, अमेरिका ने तेज किए हवाई हमले

कौन हैं एंडी बर्नहैम?

एंडी बर्नहैम का जन्म 1970 में इंग्लैंड के लिवरपूल में हुआ। उन्होंने कैम्ब्रिज यूनिवर्सिटी से अंग्रेजी साहित्य की पढ़ाई की। राजनीति में आने से पहले उन्होंने मीडिया क्षेत्र में भी काम किया। साल 2001 में वे पहली बार सांसद बने। बाद में तत्कालीन प्रधानमंत्री गॉर्डन ब्राउन की सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। वर्ष 2017 में उन्होंने सांसद पद छोड़कर ग्रेटर मैनचेस्टर के मेयर का चुनाव जीता और जून 2026 तक इस पद पर रहे। लंबे समय से लेबर पार्टी का नेतृत्व करने की इच्छा रखने वाले बर्नहैम को अब आखिरकार पार्टी और देश दोनों की कमान मिलने जा रही है।

ये भी पढ़ें: धुएं से खराब हुई हवा पर ट्रंप सख्त! 'कनाडा की लापरवाही का खामियाजा अमेरिका क्यों भुगते?' टैरिफ बढ़ाने की दी चेतावनी

नए प्रधानमंत्री के सामने होंगी बड़ी चुनौतियां

प्रधानमंत्री बनने के बाद एंडी बर्नहैम के सामने ब्रिटेन की अर्थव्यवस्था को गति देना, महंगाई पर नियंत्रण, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, रोजगार बढ़ाना और जनता का भरोसा दोबारा जीतना सबसे बड़ी चुनौती होगी। लेबर पार्टी को उम्मीद है कि नए नेतृत्व के साथ वह अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करेगी जबकि विपक्ष भी बर्नहैम सरकार के हर फैसले पर कड़ी नजर रखेगा। ऐसे में आने वाले महीनों में ब्रिटेन की राजनीति में कई बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।

Sumit  Shrivastava
By Sumit Shrivastava

सुमित श्रीवास्तव एक अनुभवी मीडिया प्रोफेशनल, बिजनेस पत्रकार और शोधकर्ता हैं। मास कम्युनिकेशन में M.P...Read More

Latest Posts