धुएं से खराब हुई हवा पर ट्रंप सख्त!'कनाडा की लापरवाही का खामियाजा अमेरिका क्यों भुगते?' टैरिफ बढ़ाने की दी चेतावनी

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर कनाडा को कड़ी चेतावनी दी है। इस बार विवाद का कारण जंगलों में लगी आग और उससे उठने वाला धुआं है। ट्रंप का आरोप है कि कनाडा अपने जंगलों का सही तरीके से रखरखाव नहीं कर रहा है, जिसकी वजह से उठने वाला धुआं अमेरिका के कई शहरों तक पहुंच रहा है और वहां की हवा को प्रदूषित कर रहा है। ट्रंप ने साफ कहा कि अगर यह स्थिति नहीं बदली तो कनाडा पर पहले से लगे टैरिफ में और बढ़ोतरी की जा सकती है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
डोनाल्ड ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म Truth Social पर एक पोस्ट में कनाडा की आलोचना की। उन्होंने लिखा कि कनाडा से आने वाली गंदी, प्रदूषित और अस्वास्थ्यकर हवा अमेरिका के लोगों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचा रही है। उनके मुताबिक, यह स्थिति स्वीकार नहीं की जा सकती। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका को ऐसी समस्या का सामना नहीं करना चाहिए, जिसे रोका जा सकता है।
'कनाडा अपने जंगलों का रखरखाव नहीं कर रहा'
ट्रंप का कहना है कि कनाडा जंगलों और झाड़ियों की सही तरीके से सफाई और देखभाल नहीं कर रहा है। उनके अनुसार, अगर समय रहते सूखी झाड़ियों और जंगलों का प्रबंधन किया जाए तो आग लगने की घटनाएं कम हो सकती हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हर साल यही स्थिति बनती है और इसका नुकसान अमेरिका को भी उठाना पड़ता है।
प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से करेंगे बात
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वह इस मुद्दे पर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी से सीधे बात करेंगे। उन्होंने कहा कि वह जानना चाहते हैं कि कनाडा इस समस्या को रोकने के लिए क्या कदम उठा रहा है। ट्रंप ने यह भी कहा कि इस नुकसान की सही लागत का अनुमान लगाना मुश्किल है, लेकिन इसका आर्थिक असर बहुत बड़ा है।
टैरिफ बढ़ाने की चेतावनी
ट्रंप ने साफ शब्दों में कहा कि जंगल की आग से होने वाले प्रदूषण की कीमत कनाडा को चुकानी होगी। उन्होंने कहा कि प्रदूषण से होने वाले नुकसान को कनाडा पर पहले से लागू टैरिफ में जोड़ना जरूरी है। हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि टैरिफ कितना बढ़ाया जाएगा और यह फैसला कब लागू हो सकता है।
'यह जानबूझकर की गई लापरवाही'
ट्रंप ने कनाडा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि जंगलों का सही प्रबंधन न करना जानबूझकर की गई लापरवाही है। उन्होंने दावा किया कि यह समस्या हर साल दोहराई जाती है और इससे अमेरिका को अरबों डॉलर का नुकसान होता है। उनके अनुसार, अगर कनाडा समय रहते आग रोकने के लिए कदम उठाए तो इस स्थिति से बचा जा सकता है।
कनाडा में सैकड़ों जंगलों में लगी आग
नासा के अनुसार, इस समय कनाडा में करीब 850 जंगलों में आग लगी हुई है। इनमें से 180 से ज्यादा आग केवल ओंटारियो प्रांत में दर्ज की गई हैं। तेज हवाओं की वजह से इन आग का धुआं दक्षिण की ओर बढ़ते हुए अमेरिका तक पहुंच गया है।
अमेरिका के 20 से ज्यादा राज्यों में असर
कनाडा से उठने वाला धुआं अमेरिका के कई हिस्सों तक फैल गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, 20 से ज्यादा अमेरिकी राज्यों में हवा की गुणवत्ता प्रभावित हुई है। ऊपरी मिडवेस्ट से लेकर पूर्वोत्तर राज्यों तक लोगों को खराब हवा का सामना करना पड़ रहा है। कई जगहों पर प्रशासन ने लोगों को घरों के अंदर रहने और बाहर निकलने पर सावधानी बरतने की सलाह दी है।
एयर क्वालिटी को लेकर चेतावनी जारी
धुएं की वजह से कई इलाकों में एयर क्वालिटी अलर्ट जारी किया गया है। विशेषज्ञों का कहना है कि जंगल की आग से निकलने वाले धुएं में बहुत छोटे प्रदूषक कण (Fine Particles) होते हैं, जो सीधे फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। डॉक्टरों ने लोगों को बाहर कम निकलने और जरूरत पड़ने पर मास्क पहनने की सलाह दी है।
Trump का टैरिफ बम! ब्राजील पर लगाया 25% Tariff, WTO जाने की तैयारी में लूला सरकार
अमेरिका में भी लगी हैं जंगल की आग
रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका में भी इस समय 150 से ज्यादा जंगलों में आग लगी हुई है। मिशिगन समेत कई राज्यों में आग पर काबू पाने के लिए राहत और बचाव अभियान चलाया जा रहा है। हालांकि ट्रंप का कहना है कि कनाडा से आने वाला धुआं अमेरिका की स्थिति को और गंभीर बना रहा है।











