उज्जैन में तालिबानी सजा:महिला को अर्धनग्न कर निकाला जुलूस, 3 आरोपी गिरफ्तार; 11 पर मामला दर्ज

उज्जैन जिले में मानवता को शर्मसार कर देने वाली एक 'तालिबानी क्रूरता' का मामला सामने आया है। तीन साल बाद दूसरे पति के साथ गांव लौटी महिला के साथ उसके पूर्व ससुर और अन्य आरोपियों ने अमानवीय व्यवहार किया। महिला के बाल काटे, कपड़े फाड़े और जूतों की माला पहनाकर अर्धनग्न कर गांव में जुलूस निकाला गया।
महिला को अर्धनग्न कर निकाला जुलूस, 3 आरोपी गिरफ्तार; 11 पर मामला दर्ज
AI GENERATED IMAGE

उज्जैन। बताया जा रहा है कि महिला अपने नए ससुराल की जमीन में हिस्सेदारी की मांग को लेकर गांव पहुंची थी, जिसके बाद विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पुलिस ने 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है। तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि आठ अन्य आरोपी फरार हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

तीन साल बाद गांव लौटने पर किया अमानवीय व्यवहार 

उज्जैन से 75 किलोमीटर दूर महिदपुर तहसील के झारड़ा के हरनिया खेड़ा गांव में यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि तीन साल पहले अपने पहले पति को छोड़कर दूसरे युवक से विवाह करने वाली 40 वर्षीय महिला जब अपने दूसरे पति के साथ गांव लौटी, तो पूर्व पति के परिवार और ग्रामीणों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। 

पीड़िता ने शिकायत में सुनाई पूरी आपबीती

पीड़िता ने शिकायत में बताया कि वह अपने घर के कमरे में थी, तभी आरोपी सुमेर सिंह, कचरू सिंह और बद्रीलाल अपने अन्य साथियों के साथ जबरन दरवाजा तोड़कर घर में घुस आए। महिला के बाल और हाथ पकड़कर उसे घसीटते हुए बाहर निकाला गया, जहां उसके बाल काटे गए, कपड़े फाड़े गए और गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर गांव में जुलूस निकाला गया। इस दौरान उसके पति के साथ भी मारपीट की गई और दोनों को जान से मारने की धमकी दी गई।

वीडियो वायरल होते ही पुलिस ने की कार्रवाई 

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस के पहुंचते ही ग्रामीणों और आरोपियों में भगदड़ मच गई, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर तीन मुख्य आरोपियों सुमेर सिंह, बद्रीलाल और कचरू को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। झारड़ा थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।

ये भी पढ़ें: वंदे मातरम विवाद: कांग्रेस की दोनों पार्षदों को बड़ा झटका, अग्रिम जमानत याचिकाएं खारिज

जमीन में हिस्सेदारी मांगने के लिए पहुंची थी महिला 

पुलिस जांच में सामने आया कि महिला का विवाह पहले इसी गांव के एक युवक से हुआ था। करीब तीन साल पहले वह पहले पति को छोड़कर गांव के ही दूसरे युवक के साथ चली गई थी और दोनों ने विवाह कर लिया था। इसके बाद से दंपती इंदौर में रह रहे थे। तीन साल बाद गांव लौटने पर महिला द्वारा जमीन में हिस्सेदारी की मांग किए जाने से विवाद बढ़ गया और पूर्व ससुर ने गांव के कुछ असामाजिक तत्वों के साथ मिलकर इस घटना को अंजाम दिया।

ये भी पढ़ें: राजा रघुवंशी हत्याकांड: सोनम की जमानत रद्द कराने सुप्रीम कोर्ट पहुंची मेघालय सरकार, आज हो सकती है सुनवाई

3 आरोपी गिरफ्तार, 8 फरार 

झारड़ा थाना प्रभारी आनंद भाबोर ने बताया कि घटना 30 जून की सुबह करीब 9:30 बजे की है। वहीं उज्जैन पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने कहा कि महिला के साथ अमानवीय व्यवहार करने वाले 11 नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर और गैर-जमानती धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि फरार आठ आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Rohit Sharma
By Rohit Sharma

पीपुल्स इंस्टीट्यूट ऑफ मीडिया स्टडीज, माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय...

Latest Posts