उज्जैन में बेकाबू होकर खाई में गिरी यात्री बस, दो बाइक सवारों की मौत

उज्जैन जिले में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। माकड़ोन फंटे के पास बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में आगर से उज्जैन आ रही शर्मा ट्रैवल्स की बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में जा गिरी। हादसे में दो बाइक सवारों की मौत हो गई जबकि एक अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। बस में सवार करीब आधा दर्जन यात्रियों के भी घायल होने की जानकारी सामने आई है। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर घायलों को बस से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
बाइक सवारों को बचाने के प्रयास में हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक शर्मा ट्रैवल्स की बस क्रमांक MP-70-P-0161 आगर से उज्जैन की ओर जा रही थी। बस जब माकड़ोन फंटे के पास पहुंची, तभी उज्जैन से माकड़ोन की ओर जा रहे एक बाइक सवार ने अचानक मोड़ लिया। बताया जा रहा है कि बाइक सवार को बचाने के प्रयास में बस उससे टकरा गई। इसके बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे खाई में उतर गई। इसी दौरान एक अन्य बाइक सवार भी बस की चपेट में आ गया। हादसे में दोनों बाइक सवारों की मौत हो गई जबकि एक अन्य बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया।
आगरा एक्सप्रेस-वे पर हादसा: पूर्व सांसद सुब्रत पाठक के काफिले की कार डिवाइडर से टकराई, सिपाही की मौत
बस में सवार यात्रियों को भी आई चोटें
हादसे में बस में सवार करीब आधा दर्जन यात्री भी घायल हुए हैं। बस के सड़क किनारे खाई में उतरने के बाद यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद में जुट गए। स्थानीय लोगों ने पुलिस के साथ मिलकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। हादसे में घायल लोगों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
सतना में दर्दनाक सड़क हादसा, बच्चे की मौत; 4 लोग घायल
पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया राहत एवं बचाव अभियान
दुर्घटना की सूचना मिलते ही घोंसला से ग्रामीण और राघवी थाने का पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंचा। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को बस से बाहर निकालने के बाद एंबुलेंस की मदद से घट्टिया अस्पताल पहुंचाया गया।




















