इंदौरमध्य प्रदेश

धार में बड़ा हादसा: रेलिंग तोड़कर नर्मदा नदी में गिरी यात्रियों से भरी बस, अब तक 13 की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

मध्य प्रदेश के धार जिले के खलघाट में बड़ा हादसा हो गया है। इंदौर से महाराष्ट्र की ओर जा रही यात्रियों से भरी बस नर्मदा नदी में गिर गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, अब तक 13 लोगों के शव नदी से निकाले जा चुके हैं। इनमें 8 पुरुष, 4 महिलाएं और 1 बच्चा शामिल हैं। मृतकों की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। बस को भी क्रेन के जरिए निकाला जा चुका है। हादसा रॉन्ग साइड से आ रहे एक वाहन को बचाने के दौरान हुआ। बस पुल की रेलिंग तोड़ते हुए सीधे 25 फीट नीचे नदी में जा गिरी।

बस में सवार थे करीब 30 यात्री

जानकारी के अनुसार, इंदौर से महाराष्ट्र की ओर जा रही यात्री बस खलघाट संजय सेतु पुल पर संतुलन बिगड़ने के कारण 25 फीट नीचे नदी में जा गिरी। धामनोद के खलघाट में बस टू-लेन पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नर्मदा में गिरी। बताया जा रहा है कि, बस में इंदौर-पुणे के करीब 30 यात्री सवार थे। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हादसे की जानकारी लगते ही पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचा। इंदौर और धार से NDRF की टीम मौके पर पहुंच चुकी है। बस महाराष्ट्र राज्य परिवहन की है।

सीएम शिवराज ने लिया संज्ञान

सीएम शिवराज ने भी ट्वीट कर इस दुर्घटना पर दुख जताया है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि, खरगोन के खलघाट में बस के खाई में गिरने से हुई दुर्घटना का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। दुर्घटना स्थल पर जिला प्रशासन की टीम मौजूद है। बस को निकाल लिया गया है।

एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा कि, खरगोन, धार जिला प्रशासन के साथ मैं निरंतर संपर्क में हूं। घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था के निर्देश दिये हैं। दु:ख की इस घड़ी में पीड़ित परिवार स्वयं को अकेला न समझे,मैं व संपूर्ण प्रदेश साथ है।

पूर्व सीएम कमलनाथ ने जताया दुख

वहीं, पूर्व सीएम कमलनाथ ने धार जिले के खलघाट में हुए हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए। सरकार व प्रशासन से युद्ध स्तर पर बचाव कार्य करने की मांग की और लोगों को जल्द राहत पहुँचाने की बात कही है।

इंदौर से महाराष्ट्र को जोड़ने वाले पुल पर हादसा

हादसा आगरा – मुंबई (एबी रोड) हाईवे पर हुआ। यह रोड इंदौर से महाराष्ट्र को जोड़ता है। घटनास्थल इंदौर से 80 किलोमीटर दूर है। जिस संजय सेतु पुल से बस गिरी, वो दो जिलो धार और खरगोन की सीमा पर बना है। आधा हिस्सा खलघाट (धार) और आधा हिस्सा खलटाका (खरगोन) में है। खरगोन से भी कलेक्टर और एसपी मौके पर पहुंचे हैं।

धामनोद के खलघाट में बस टू-लेन पुल की रेलिंग तोड़ते हुए नर्मदा में गिरी।

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button