इंदौरताजा खबरमध्य प्रदेश

VIDEO : भादो मास के आखिरी सोमवार निकली महाकाल की शाही सवारी, चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में दिए दर्शन; शिप्रा घाट पर ज्योतिरादित्य सिंधिया ने किया भगवान का अभिषेक

उज्जैन। आज भादो मास के आखिरी सोमवार को भगवान महाकाल की शाही सवारी धूमधाम के साथ निकाली गई। राजाधिराज बाबा महाकाल चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में विराजित होकर प्रजा का हाल जानने नगर भ्रमण पर निकले। इस दौरान भगवान की एक झलक पाने के लिए लाखों श्रद्धालु उमड़े। वहीं केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी सवारी में शामिल हुए।

चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में महाकाल भ्रमण पर निकले

सावन और भादो मास में भूत भावन बाबा महाकाल की सवारी निकाले जाने की परंपरा अनादि काल से चली आ रही है। इसी परंपरा के चलते आज भादो मास के अंतिम सोमवार को भगवान महाकाल की शाही सवारी निकाली गई। दोपहर 4 बजे मंदिर के सभा मंडप में मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित घनश्याम शर्मा के आचार्यत्व में संभाग आयुक्त संजय गोयल और आय जी संतोष कुमार सिंह ने बाबा महाकाल की पूजा अर्चना कर पालकी को कांधा देकर महाकाल को नगर भ्रमण के लिए रवाना किया। इस दौरान मंदिर के मुख्य द्वार पर पुलिस टुकड़ी द्वारा महाकाल को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद राजाधिराज चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में सवार होकर राजसी ठाठ-बाट के साथ प्रजा का हाल जानने नगर भ्रमण पर निकले।

भक्तों को 10 स्वरूपों में महाकाल ने दिए दर्शन

आज बाबा महाकाल ने अपने भक्तों को 10 स्वरूप में दर्शन दिए। वहीं हाथी पर मन महेश, गरुड़ रथ पर शिव तांडव, नंदी रथ पर उमा महेश, डोल रथ पर होलकर स्टेट के मुखारविंद और नए रथ पर जटा शंकर, श्री रुद्रेश्वर और श्री चंद्रशेखर विराजित होकर निकले तो श्रद्धालुओं ने अपने राजा के स्वागत में फूल बसाकर पलक पावड़े बिछा दिए। वहीं सवारी के रामघाट पहुंचने पर केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बाबा महाकाल का शिप्रा के पवित्र जल से अभिषेक किया।

तत्पश्चात सवारी अपने परंपरागत मार्ग गणगौर दरवाजा ढाबा रोड गोपाल मंदिर, तेलीवाड़ा, कंठल चौराहा, सर्राफा छत्री चौक और पटनी बाजार होते हुए पुनः महाकाल मंदिर पहुंची।

सवारी में 60 से अधिक भजन मंडलियां हुईं शामिल

सवारी में घुड़सवार पुलिस दल, पुलिस टुकड़ी और, पुलिस बैंड के अलावा 60 से अधिक भजन मंडलियां, उज्जैन इंदौर के बैंड शामिल हुए। सवारी मार्ग के दोनों ओर लाखों श्रद्धालु बाबा महाकाल की एक झलक पाने के लिए घंटों से जमे हुए थे। सवारी का कारवां 12 किलो मीटर की दूरी तय कर आठ घंटे से अधिक समय में महाकाल मंदिर पहुंचा। प्रशासन ने पूरे सवारी मार्ग पर सुरक्षा के व्यापक प्रबंध किए हैं। इसके लिए पूरे सवारी मार्ग पर दो हजार से अधिक अधिकारी और पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था।

(इनपुट – संदीप पांडला)

ये भी पढ़ें- VIDEO : धूमधाम के साथ निकली भादो मास की पहली सवारी, राजाधिराज बाबा महाकाल ने चांदी की पालकी में चंद्रमौलेश्वर स्वरूप में दिए दर्शन

संबंधित खबरें...

Back to top button