Uganda Army Chief :देश की सबसे खूबसूरत महिला से शादी, साथ में 1 अरब डॉलर की जिद, युगांडा आर्मी चीफ की ये कैसी मांग...

कंपाला। युगांडा के आर्मी चीफ और राष्ट्रपति के बेटे मुहूजी कैनेरुगाबा एक बार फिर अपने विवादित बयानों को लेकर चर्चा में हैं। इस बार उन्होंने तुर्किये से 1 अरब डॉलर (करीब ₹9000 करोड़) और देश की “सबसे खूबसूरत महिला” को पत्नी बनाने की मांग कर दी। साथ ही चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने पर कूटनीतिक संबंध खत्म कर दिए जाएंगे।
30 दिन की चेतावनी, दूतावास बंद करने की धमकी
कैनेरुगाबा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए कहा कि अगर तुर्किये उनकी मांगें पूरी नहीं करता, तो 30 दिनों के भीतर दोनों देशों के संबंध समाप्त कर दिए जाएंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि या तो तुर्किये भुगतान करे या फिर उसका दूतावास बंद कर दिया जाएगा। इतना ही नहीं, उन्होंने तुर्किश एयरलाइंस पर भी प्रतिबंध लगाने की बात कही।
यह भी पढ़ें: US- Iran Peace Talks : इस वजह से नाकाम रही इस्लामाबाद वार्ता, ईरान ने बताई ये बड़ी सख्त शर्तें, होर्मुज पर ये कहा
सोमालिया मिशन का दिया हवाला
कैनेरुगाबा ने अपनी मांग के पीछे तर्क देते हुए कहा कि तुर्किये ने सोमालिया में इंफ्रास्ट्रक्चर, पोर्ट और एयरपोर्ट प्रोजेक्ट्स से बड़ा फायदा कमाया है। उनका आरोप है कि वहीं युगांडा ने अल-शबाब जैसे आतंकी संगठनों से लड़ने का बड़ा बोझ उठाया, इसलिए आर्थिक मदद मिलनी चाहिए।
कैनेरुगाबा ने एक और विवादित बयान देते हुए इजराइल के समर्थन में 1 लाख सैनिक भेजने की पेशकश की। साथ ही उन्होंने युगांडावासियों को तुर्किये की यात्रा से बचने की सलाह भी दी। हालांकि, इन बयानों पर तुर्किये की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: ईरान-अमेरिका शांति वार्ता का ‘जीरो रिजल्ट’! 21 घंटे बाद भी समझौता फेल, नाराज होकर लौटे जेडी, क्यों टूटी डील?
पहले भी दे चुके हैं विवादित बयान
यह पहला मौका नहीं है जब कैनेरुगाबा अपने बयानों को लेकर विवादों में आए हों। इससे पहले उन्होंने विपक्षी नेता बॉबी वाइन को लेकर धमकी भरे बयान दिए थे, जिस पर बाद में उन्हें सफाई देनी पड़ी।
उन्होंने कुछ समय पहले अपना X अकाउंट भी डिलीट कर दिया था, लेकिन बाद में “I am back” लिखकर वापसी की और फिर से विवादित पोस्ट करना शुरू कर दिया।
पिता के उत्तराधिकारी माने जाते हैं
50 वर्षीय कैनेरुगाबा को उनके पिता और राष्ट्रपति योवेरी मुसेवेनी का संभावित उत्तराधिकारी माना जाता है। हालांकि मुसेवेनी ने सार्वजनिक रूप से इस बात से इनकार किया है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि वे धीरे-धीरे खुद को राजनीति में स्थापित कर रहे हैं और भविष्य में राष्ट्रपति पद की दावेदारी कर सकते हैं।
पहले भी दे चुके अजीब प्रस्ताव
2022 में उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी से शादी के बदले 100 गाय देने की पेशकश की थी। उन्होंने यह भी कहा था कि प्रस्ताव ठुकराने पर रोम पर कब्जा करना पड़ेगा। इसके अलावा, उन्होंने केन्या पर हमला करने की धमकी और व्लादिमीर पुतिन के समर्थन जैसे बयान भी दिए हैं। इन लगातार विवादित बयानों के कारण कैनेरुगाबा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में बने हुए हैं और युगांडा की कूटनीतिक छवि पर भी सवाल उठ रहे हैं।



















