राष्ट्रीय

VIDEO: दिल्‍ली एयरपोर्ट पर बड़ा हादसा टला… टेक ऑफ के दौरान प्लेन के इंजन में लगी आग, सभी यात्री सुरक्षित

दिल्ली एयरपोर्ट पर शुक्रवार रात को एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दिल्‍ली से बेंगलुरु जा रही इंडिगो एयरलाइंस की फ्लाइट के इंजन में आग लग गई थी। खतरे को भांपते ही पायलट ने इसे रनवे पर ही रोक दिया। यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पैसेंजर ने बनाया वीडियो

इंडिगो की फ्लाइट संख्‍या 6E-2131 के इंजन में आग लगने का ये वीडियो खुद फ्लाइट में सवार एक पैसेंजर ने बनाया है। वीडियो में दिखाई दे रहा है कि प्लेन टेक ऑफ के लिए रनवे पर दौड़ता है, तभी अचानक चिंगारी उठने लगती हैं। देखते ही देखते वो आग का रूप ले लेती है। पायलट ने सूझ बूझ से फैसला लेते हुए विमान को फौरन रनवे पर ही रोक दिया।

इंडिगो ने बताई वजह

इंडिगो की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि तकनीकी खराबी की वजह से चिंगारी दिखाई दीं। एयरलाइन्स द्वारा यात्रियों के लिए एक दूसरे विमान का इंतजाम किया गया। वहीं इंडिगो ने इस घटना के लिए यात्रियों से माफी मांगी।

कितने यात्री थे सवार

रिपोर्ट्स के मुताबिक, आईजीआईए कंट्रोल रूम को शुक्रवार रात 10.08 मिनट पर दिल्ली से बेंगलुरू जा रही इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6E2131 के इंजन में आग लगने की सूचना मिली। इसमें करीब 177 यात्री और चालक दल के 7 सदस्य सवार थे।

अकासा की फ्लाइट से टकराया था पक्षी

इस घटना से पहले गुरुवार को अहमदाबाद से दिल्ली जा रही अकासा एयरलाइन्स की फ्लाइट से एक पक्षी टकरा गया था। घटना के समय बोइंग 737 मैक्स 8 विमान हवा में 1900 फीट की ऊंचाई पर था।

अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button