ग्वालियरमध्य प्रदेश

परिवहन विभाग ने 15 दिन पहले ही पूरा किया 3800 करोड़ का रेवेन्यू लक्ष्य

आशीष शर्मा ग्वालियर। प्रदेश सरकार के कमाऊपूत परिवहन विभाग ने वर्ष 2022- 23 में मिले 3800 करोड़ का रेवेन्यू टारगेट वित्तीय वर्ष खत्म होने से (31 मार्च) 15 दिन पहले ही पूरा कर लिया है। विभाग वर्ष 2021-22 में मिला 3600 करोड़ का राजस्व हासिल नहीं कर सका था।

31 मार्च 2022 तक 3026 करोड़ ही राजस्व जुटा पाया था। विभागीय अधिकारियों की मानें तो इस वर्ष वाहनों की बिक्री अच्छी हुई है, इसलिए रेवेन्यू टारगेट समय से पहले पूरा हो गया है। अधिकारियों का कहना है कि 31 मार्च तक 150 से 200 करोड़ रुपए आने की उम्मीद है। 15 मार्च तक 3820 करोड़ राजस्व प्राप्त हो गया है।

जानकारी के अनुसार विभाग को वर्ष 2023-24 में 4000 से 4100 करोड़ राजस्व का लक्ष्य मिलेगा। विभाग द्वारा राजस्व लक्ष्य से अधिक राजस्व प्राप्त करने वाले जिलों के अधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र दिए जाएंगे।

राजस्व लक्ष्य को लेकर महानगरों की स्थिति

महानगर           राजस्व लक्ष्य            प्राप्त किया
इंदौर                    673.19                 680करोड़
भोपाल                  401.47                 370 करोड़
जबलपुर               245.18                 180 करोड़
ग्वालियर               230.59                 250 करोड़

रेवेन्यू टारगेट को लेकर पांच वर्षों का लेखा-जोखा

2018-19         3000 करोड़          3002 करोड़
2019-20         3600 करोड़          3266 करोड़
2020-21         2600 करोड़          2746 करोड़
2021-22         3600 करोड़          3026 करोड़
2022-23         3800 करोड़          3820 करोड़ (15 मार्च तक)

केंद्र से 217 करोड़ मिले

केंद्र सरकार से परिवहन विभाग को वर्ष 2022-23 में नेशनल परमिट के 217 करोड़ मिले हैं, बाकी के 3600 करोड़ टैक्स के रूप में प्राप्त हुए हैं। वर्ष 2021-22 में नेशनल परमिट के 175 करोड़ मिले थे।

और आ सकते हैं 200 करोड़

प्रदेश सरकार ने वित्तीय वर्ष में 3800 करोड़ रुपए का रेवेन्यू टारगेट दिया था, जिसे 15 दिन पहले ही पूरा कर लिया है। 31 मार्च तक 150 से 200 करोड़ राजस्व और आने की उम्मीद है। -अरविंद सक्सेना, अपर परिवहन आयुक्त

संबंधित खबरें...

Back to top button