Jet Airways के फाउंडर नरेश गोयल की पत्नी का निधन, लंबे समय से कैंसर से जूझ रही थीं अनीता गोयल; मुंबई में ली अंतिम सांस

मुंबई। जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल की पत्नी अनीता गोयल का निधन हो गया है। वह लंबे समय से कैंसर से जूझ रहीं थीं, इलाज के दौरान गुरुवार तड़के 3 बजे उन्होंने मुंबई के अस्पताल में अंतिम सांस ली। जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल भी कैंसर के मरीज हैं और इस समय जमानत पर बाहर हैं। मनी लॉन्ड्रिंग केस में जेल में बंद नरेश गोयल को बीते दिनों अपनी पत्नी से मुलाकात के लिए सशर्त जमानत दी गई थी।
6 मई को मिली थी अंतरिम जमानत
बॉम्बे हाई कोर्ट ने 6 मई को जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल को मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मेडिकल के आधार पर दो महीने की अंतरिम जमानत दी थी। गोयल को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने गिरफ्तार किया है। इससे पहले 3 मई को हुई सुनवाई में बॉम्बे हाईकोर्ट ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गोयल की मेडिकल के आधार पर मांगी गई अंतरिम जमानत का विरोध किया था। साथ ही कहा था कि प्राइवेट अस्पताल में उनका रहना एक महीने के लिए बढ़ाया जा सकता है। जेट एयरवेज के फाउंडर नरेश गोयल ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मेडिकल के आधार पर जमानत देने के अनुरोध के साथ हाईकोर्ट का रुख किया था, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह और उनकी पत्नी, दोनों ही अंतिम चरण में पहुंच चुके कैंसर से जूझ रहे हैं।
अनीता गोयल को नवंबर में मिली जमानत
नरेश गोयल पर मनी लॉन्ड्रिंग मामले और केनरा बैंक द्वारा कर्ज के रूप में जेट एयरवेज को दिए गए 538.62 करोड़ रुपए में धोखाधड़ी करने का आरोप है। ED ने कथित बैंक धोखाधड़ी के सिलसिले में नरेश गोयल को सितंबर, 2023 में गिरफ्तार किया था। ED की ओर से इस मामले में आरोपपत्र दाखिल करने पर गोयल की पत्नी अनीता गोयल को नवंबर, 2023 में गिरफ्तार किया गया था। लेकिन उनकी उम्र और हेल्थ को देखते हुए उन्हें जमानत दे दी गई थी। लेकिन विशेष अदालत ने नरेश गोयल को इस आधार पर जमानत देने से इनकार कर दिया था कि उन्हें उनकी पसंद के अस्पताल में इलाज मुहैया कराया जा रहा था।ED ने जब्त की थी 538 करोड़ की प्रॉपर्टी
ED ने नरेश गोयल, उनके परिवार के सदस्यों और कंपनियों की लंदन, दुबई और भारत में करीब 538 करोड़ रुपए की संपत्तियां जब्त की है। जब्त की गई संपत्तियों में 17 फ्लैट, बंगले और वाणिज्यिक परिसर शामिल हैं। जांच एजेंसी के अनुसार, लंदन, दुबई और भारत के विभिन्न शहरों में स्थित ये संपत्तियां जेट एयर प्राइवेट लिमिटेड और जेट एंटरप्राइजेज प्राइवेट लिमिटेड जैसी विभिन्न कंपनियों, गोयल, उनकी पत्नी अनीता और बेटे निवान के नाम पर हैं।










