Heatwave Alert :लू और हीट स्ट्रोक से बचना है तो अपनाएं ये उपाय, आयुष मंत्रालय ने दी सलाह

देशभर में लगातार बढ़ रही गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए आयुष मंत्रालय ने लोगों के लिए पब्लिक हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। मंत्रालय ने साफ कहा है कि तेज धूप और बढ़ते तापमान को हल्के में लेना खतरनाक हो सकता है। खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और बाहर काम करने वाले लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है।
एडवाइजरी में क्या- क्या कहा गया
एडवाइजरी में कहा गया है कि शरीर में पानी की कमी और लंबे समय तक धूप में रहने से हीट स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। अगर किसी व्यक्ति को चक्कर आना, सिरदर्द, मतली, शरीर का तापमान अचानक बढ़ना, बेहोशी, दौरे पड़ना या मानसिक स्थिति में बदलाव जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत मेडिकल मदद लेनी चाहिए।
किन लोगों को सबसे ज्यादा खतरा?
मंत्रालय के मुताबिक, कुछ लोग गर्मी की मार से ज्यादा प्रभावित हो सकते हैं। इनमें छोटे बच्चे, बुजुर्ग, गर्भवती महिलाएं, मजदूर, बाहर काम करने वाले लोग और दिल की बीमारी या हाई ब्लड प्रेशर जैसी पुरानी बीमारियों से जूझ रहे मरीज शामिल हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि अत्यधिक गर्मी में शरीर खुद को ठंडा नहीं रख पाता, जिससे गंभीर स्थिति पैदा हो सकती है। कई मामलों में समय पर इलाज नहीं मिलने पर जान का खतरा भी बढ़ जाता है।
शरीर को ठंडा रखने के लिए क्या करें?
आयुष मंत्रालय ने आयुर्वेद और पारंपरिक उपायों का भी जिक्र किया है। लोगों को छाछ, नारियल पानी, नींबू पानी और इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक्स पीने की सलाह दी गई है। साथ ही खीरा, तरबूज, खरबूजा, टमाटर और नींबू जैसी ठंडी तासीर वाली चीजें खाने को कहा गया है। मंत्रालय ने यह भी कहा कि ज्यादा तला-भुना और मसालेदार खाना शरीर में गर्मी बढ़ा सकता है, इसलिए हल्का और संतुलित भोजन लेना बेहतर रहेगा।
यह भी पढ़ें: Summer Skin Care: धूप से स्किन को बचाने के लिए खाएं ये चीजें, जानिए इस्तेमाल करने का सही तरीका
दोपहर में बाहर निकलने से बचें
एक्सपर्ट्स के मुताबिक दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप सबसे ज्यादा खतरनाक होती है। इस दौरान घर के अंदर रहने की सलाह दी गई है। अगर बाहर निकलना जरूरी हो तो छाता, टोपी, धूप का चश्मा और हल्के सूती कपड़े पहनने चाहिए।
जरूरी बातें एक नजर में
- दिनभर खूब पानी पीते रहें, प्यास लगे या नहीं
- नारियल पानी और इलेक्ट्रोलाइट ड्रिंक्स फायदेमंद
- दोपहर 12 से 4 बजे तक धूप से बचें
- ढीले और हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें
- ज्यादा तला-भुना और मसालेदार खाना कम खाएं
- चक्कर, कमजोरी या बेहोशी लगे तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें
- बच्चों और बुजुर्गों का खास ध्यान रखें











