ग्वालियरमध्य प्रदेश

लव मिस्ट्री ने चौंकाया: 7 साल पहले प्रेमी के साथ भागी थी युवती, दोनों शादीशुदा और 6 बच्चों वाले, परिजन को भनक तक नहीं

महिला दो बच्चों के साथ वृंदावन में रहती थी, यहां प्रेमी 15 दिन रहता था, अगले 15 दिन अपनी पत्नी के साथ मुरैना में बिताता था

ग्वालियर। शहर में 7 साल पहले अचानक लापता हुई महिला और उसके दो बच्चों को लेकर पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। महिला अपने पुराने मकान मालिक के साथ घर से भाग गई थी। वो यूपी के वृंदावन में रहती थी। प्रेमी शादीशुदा है। उसकी चार बेटियां हैं। वह 15 दिन अपनी पत्नी के साथ मुरैना के सबलगढ़ में और 15 दिन महिला के साथ वृंदावन में रहता था। इस बात की जानकारी उसकी पहली पत्नी को भी नहीं थी। पुलिस का कहना है कि महिला को उसका पति पागलों की तरह ढूंढ़ रहा था। मगर, अब उसने वापस आने से मना कर दिया है।

पुलिस ने बताया कि जितेंद्र सिंह कुशवाह (38 साल) राजस्थान के जयपुर में एक कॉल सेंटर में जॉब करते हैं। उनकी शादी 15 साल पहले सबलगढ़ की सुधा जादौन (35 साल) से हुई थी। वह कुछ समय तक सबलगढ़ में सुनील जादौन (37 साल) के मकान में किराए पर रहे। यहां सुधा ने एक बेटी और बेटे को जन्म दिया। 2 साल बाद जितेंद्र ग्वालियर में हजीरा के चंदनपुरा में नाथू सिंह कुशवाह के मकान में रहने लगे।

पति जयपुर में रहता था, ग्वालियर में बच्चे पढ़ते थे

जितेंद्र जॉब के चलते जयपुर चले गए। यहां बच्चों की पढ़ाई पढ़ाई के लिए पत्नी को छोड़ गए। इसी बीच, 23 मार्च 2014 की रात पत्नी सुधा दोनों बच्चों के साथ अचानक लापता हो गई। तब बेटी 7 और बेटा 6 साल का था। पति को पता चला तो वह ग्वालियर आया। यहां काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल सका। पति ने पुलिस को सबलगढ़ के पुराने मकान मालिक सुनील पर शक जताया था, लेकिन पुलिस जांच में कुछ पता नहीं चल सका।

पुलिस ने मकान मालिक को ट्रेस किया तो संदेह बढ़ा

हाल ही में महाराजपुरा के सीएसपी रवि भदौरिया ने इस गुमशुदगी की जांच एएसआई शैलेंद्र सिंह चौहान को दी। वह पहले भी इस तरह के केसों को सॉल्व कर चुके थे। एएसआई चौहान ने जांच आगे बढ़ाई और संदेही सुनील जादौन को ट्रेस किया। पूछताछ में उसका कहना था कि उसे इस मामले में कुछ पता नहीं है। सालों पहले वह घर छोड़कर चले गए थे। इसलिए, कोई बातचीत भी नहीं है। वह अपनी पत्नी और चार बेटियों के साथ सबलगढ़ में खुश है।

कॉल डिटेल से सबूत हाथ लगे, फिर वृंदावन पहुंच गई

इस पर पुलिस ने सुनील की कॉल डिटेल और लोकेशन निकाली तो दो बड़े सुराग हाथ लगे। पहला- वह एक नंबर पर कई साल से लगातार बात कर रहा था। दूसरा- उसकी मोबाइल की लोकेशन हर महीने 15 दिन के लिए यूपी के वृंदावन में मिली। इसके बाद एएसआई वृंदावन पहुंचे और सुधा को तलाश लिया।

वृंदावन में प्रेमी से शादी की और रहने लगी

पुलिस का कहना था कि सुधा को ग्वालियर लाने का प्रयास किया तो उसने मना कर दिया। उसका कहना था कि सबलगढ़ में मकान मालिक सुनील जादौन से उसकी दोस्ती हो गई थी। इसके बाद वह ग्वालियर आ गई। पति उसके चरित्र पर संदेह करता था और परेशान करने लगा था। इस पर उसने हमेशा के लिए उसे छोड़ने का फैसला लिया। इसके बाद वह बच्चों को साथ लेकर वृंदावन में आ गई। यहां उसने प्रेमी सुनील जादौन से शादी की और उसके साथ रहने लगी।

बिजनेस के बहाने आता था प्रेमी, बच्चों के नाम तक बदले
सुधा का कहना था कि पति सुनील 15 दिन उसके साथ वृंदावन में रहता था। जबकि 15 दिन सबलगढ़ में पत्नी और बच्चों के साथ रहता है। इस बारे में सुनील की पत्नी को भी जानकारी नहीं है। सुनील जब सबलगढ़ से यहां आता था तो बिजनेस का बहाना बना देता था। सुधा ने आधार कार्ड पर पति का नाम जितेंद्र की जगह सुनील करा लिया। बेटी के नाम दिव्या से बदलकर अपर्णा और बेटे का नाम मंगल से बदल कर बलजीत सिंह करा लिया। अब बच्चे सुनील को ही पिता मानते हैं।

संबंधित खबरें...

Back to top button