
एथेंस। ग्रीस के पेलोपोनिसे में प्रवासियों को लेकर जा रहा छोटा जहाज जहाज डूब गया। इस हादसे में करीब 79 लोगों की मौत हो गई। जबकि 104 लोगों को बचा लिया गया है। वहीं सैकड़ों लोग लापता हो गए हैं। राहत और बचाव कार्य जारी है। वहीं ग्रीस में तीन दिन का राष्ट्रीय शोक घोषित किया गया है।
लोगों को कलामाता के बंदरगाह पर भेजा
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना भूमध्य सागर में सबसे घातक प्रवासी जलपोतों के दुर्घटनाग्रस्त होने में से एक है। बताया जा रहा है कि जहाज में कम से कम 400 प्रवासी सवार थे। जबकि, जीवित बचे लोगों का अनुमान है कि इसमें 700 प्रवासी सवार थे। बचाए गए प्रवासियों को कथित तौर पर पेलोपोनिसे के दक्षिणी भाग में स्थित कलामाता के बंदरगाह पर भेजा गया है।
इटली जा रहा था मछली पकड़ने वाला जहाज
तटरक्षक बल, नौसेना और विमानों ने रात भर व्यापक स्तर पर खोज एवं बचाव अभियान चलाया। अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कितने यात्री लापता हैं। तटरक्षक बल ने बताया कि अंधेरे के कारण रेक्यू ऑपरेशन बंद करना पड़ा था लेकिन गुरुवार तड़के ही इसे फिर से शुरू कर दिया गया। वहीं मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, समुद्र में जो जहाज पलटा है, उसका इस्तेमाल मछली पकड़ने के लिए किया जाता था। जहाज पूर्वी लीबिया के टोब्रुक इलाके से रवाना हुई थी। इसे इटली पहुंचना था।
राष्ट्रीय शोक घोषित
हादसे में बचाए गए लोगों से मिलने के लिए ग्रीस की राष्ट्रपति कतेरीना सकेलोपोलू ने कलामाता पहुंचीं हैं। वहीं ग्रीस के कार्यवाहक प्रधानमंत्री इओनिस सरमास ने तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की। आधिकारिक बयान में कहा गया। प्रधानमंत्री ने ग्रीस के पश्चिम में अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में आज के दुखद जलपोत दुर्घटना के पीड़ितों के लिए बुधवार 14 जून रात 9:00 बजे से शनिवार 17 जून रात 9:00 बजे तक तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है।