
भोपाल। राज्यसभा सांसद राजमणि पटेल ने शु्क्रवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पत्रकार वार्ता करते हुए केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि जो देश की कुर्सी पर बैठा हुआ है वो तानाशाही के नशे में इतना चूर है कि उसे न्याय-अन्याय कुछ भी नहीं दिख रहा है। अन्याय के खिलाफ जो भी आवाज उठाता है उसे कुचलने, दबाने, मुकदमे में फंसाने का प्रयास किया जाता है और जो किसी भी तरह से नहीं हारता उसके साथ जो षड्यंत्र राहुल गांधी के साथ किया गया है वही किया जाएगा।
सच कहो तो डराया जाता है !
राजमणि पटेल ने आगे कहा कि राहुल गांधी सच की बात कह रहे थे। उन्होंने कहा था कि डरो मत, गरीब हो मेहनत करो, परिश्रम करो लेकिन सच के सामने डरने की जरूरत नहीं है। हिम्मत और हौसले के साथ सच कहो। हिम्मत के साथ अपने हक अधिकार की बात करो। हिम्मत के साथ अपने स्वाभिमान और सम्मान की बात करो। बस यही तो कहा जा रहा था लेकिन उस आवाज को उठाने नहीं दिया। जब वो (राहुल गांधी) नहीं माने तो षड्यंत्र पूर्व उनकी सदस्यता समाप्त कर दी गई।
लाखों पद रिक्त हैं भरे क्यों नहीं जा रहे ?
राजमणि पटेल ने बताया कि ओबीसी, एससी-एसटी के हक अधिकारों को छीना गया, स्वाभिमान और सम्मान को अपमानित किया गया। ओबीसी का दर्द दिखाने वाले मोदी जी से पूछना चाहते हैं कि देश में 52 प्रतिशत ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ क्यों नहीं मिल रहा है। लाखों पद रिक्त हैं भरे क्यों नहीं जा रहे हैं। मंडल कमीशन की सिफारिशों को लागू क्यों नहीं किया जा रहा है। जाति आधारित जनगणना ओबीसी की क्यों नहीं की जा रही है। ओबीसी के छात्र-छात्राओं की करोड़ों की छात्रवृत्ति घोटाले की कार्यवाही क्यों नहीं की जा रही है।
अडाणी ने बैंकों का कोई कर्जा वापस क्यों नहीं किया ?
राजमणि पटेल ने कहा कि ढाई लाख करोड़ का कर्ज अडाणी को दिया गया, उसी से व्यापार कर अडाणी दुनिया में नंबर 3 का उद्योगपति बना। फिर अडाणी द्वारा बैंकों का कोई कर्जा वापस क्यों नहीं किया ? कमाई पर कम टैक्स क्यों दिया ? इसी तरह कुछ और उद्योगपति हैं, इसके बावजूद मोदी सरकार ने करीब 11 लाख करोड़ का लोन माफ कर दिया। जबकि इस देश के अन्नदाता की फसल बर्बाद हो जाती है, कर्जा नहीं चुकाता तो उसकी कुर्की हो जाती है। बिजली का बिल न देने पर कनेक्शन काट दिया जाता है। अपनी मांग के लिए प्रदर्शन करता है तो गोलियों से भून दिया जाता है। अन्त में वह आत्महत्या के लिए मजबूर हो जाता है। लेकिन मोदी सरकार के पास किसानों का कर्जा माफ करने के लिए पैसा नहीं होता है। समस्याओं से ध्यान हटाने का प्रयास हो रहा है। ओबीसी के नेताओं के खिलाफ कार्यवाही क्यों की जाती है। देश का पैसा लूटकर किसी ओबीसी के बजाय अडाणी को क्यों ?
#भोपाल : राज्यसभा सांसद #राजमणि_पटेल ने #केंद्र_सरकार पर साधा निशाना। कहा- जो देश की कुर्सी पर बैठा हुआ है वो तानाशाही के नशे में इतना चूर है कि उसे न्याय-अन्याय कुछ भी नहीं दिख रहा।@RajmaniPatelINC @INCMP @INCIndia @RahulGandhi @narendramodi @BJP4MP @BJP4India #LokSabha… pic.twitter.com/gNXqlpOnHi
— Peoples Update (@PeoplesUpdate) March 31, 2023