मुंबई। बिग बॉस सीजन 15 कुछ ही दिनों में शुरू होने वाला है। इसका प्रोमो भी रिलीज हो गया है। जिसके मुताबिक ये शो 2 अक्टूबर से शुरू होगा। यह एक ऐसा प्लेटफॉर्म है, जहां आने के बाद कई कंटेस्टेंट के करियर के नए दरवाजें खुलते हैं। उन्हें नाम के साथ पब्लिसिटी भी मिलती है। हालांकि कई ऐसे सेलेब्स भी रहे जो ‘बिग बॉस’ का हिस्सा तो बने, लेकिन उनके करियर को इसका कोई फायदा नहीं मिला। चलिए एक नजर सीजन 1-14 तक के विनर्स पर डाल लेते हैं कि वो क्या कर रहे हैं और बिग बॉस जीतने के बाद कैसे उनकी लाइफ में बदलाव आया।

बिग बॉस सीजन 1
विनर – राहुल रॉय
क्या कर रहे हैं- ब्रांड एंडोर्समेंट्स और कुछ शो विजिट
‘बिग बॉस’ का पहला सीजन साल 2006 में शुरू हुआ था और इसके विनर आशिकी फेम राहुल रॉय रहे थे। पहले सीजन को अरशद वारसी ने होस्ट किया था। 50 लाख की प्राइज मनी के साथ राहुल रॉय जीत तो गए थे, लेकिन उन्हें इस जीत का कोई खास फायदा नहीं मिला क्योंकि वो टीवी और फिल्म इंडस्ट्री से दूर ही दिखे। बिग बॉस सीजन 1 में वो सबसे लो प्रोफाइल कंटेस्टेंट्स में से एक थे। उन्हें आखिरी बार कानू बहल की फिल्म ‘आगरा’ में देखा गया था, जो साल 2020 में रिलीज हुई थी।

बिग बॉस सीजन 2
विनर- आशुतोष कौशिक
क्या कर रहे हैं- कई ओटीटी शोज में वो गेस्ट अपीयरेंस में दिखे हैं
‘बिग बॉस’ का दूसरा सीजन (साल 2008) आशुतोष कौशिक ने जीता था। लेकिन उन्हें भी बिग बॉस की जीत का कोई खास फायदा नहीं मिला। इसे शिल्पा शेट्टी ने होस्ट किया था। आशुतोष ‘एमटीवी रोडीज़’ के 5वें सीजन को जीतकर चर्चा में आए थे। वो ‘जिला गाजियाबाद, किस्मत, शॉर्टकट रोमियो, लव पैसा दिल्ली’ जैसे कुछ प्रोजेक्ट्स में गेस्ट अपीयरेंस में जरूर नजर आए हैं। आशुतोष कौशिक ने बिग बॉस जीतने के बाद फिल्मों में अपनी किस्मत आजमाई। उनकी आखिरी फिल्म 2012 में आई थी और तब से वह ग्लैमर इंडस्ट्री से दूर हैं। आशुतोष ने कोविड-19 की वजह से लगे लॉकडाउन में अपनी मंगेतर अर्पिता तिवारी से शादी भी की है। अब वो एक रेस्टोरेंट के मालिक हैं।

बिग बॉस सीजन 3
विनर- विंदू दारा सिंह
क्या कर रहे हैं- कई फिल्मों में साइड रोल्स
साल 2009 में आए ‘बिग बॉस 3’ को अमिताभ बच्चन ने होस्ट किया था और इसके विनर बने विंदू दारा सिंह रहे। विंदू दारा सिंह ने ‘गर्व, मैंने प्यार क्यों किया, पार्टनर, किस्से प्यार करूं, कम्बख्त इश्क और हाउसफुल’ जैसी फिल्मों में साइड कॉमिक रोल्स किए हैं। बिग बॉस सीजन 14 के सपोर्टर के तौर पर भी उन्हें देखा गया है। वह पिछली बार 2012 में आई फिल्म ‘सन ऑफ सरदार’ में नजर आए थे। वो अब भी फिल्मों में दिखाई दे जाते हैं।

बिग बॉस सीजन 4
विनर- श्वेता तिवारी
क्या कर रही हैं- श्वेता तिवारी हाल ही में कई सारे टीवी शो में नजर आई हैं
‘बिग बॉस’ के चौथे सीजन से लेकर अब तक के सीजनों को सलमान खान होस्ट करते आ रहे हैं। चौथा सीजन ऐक्ट्रेस श्वेता तिवारी ने जीता था। वह बिग बॉस जीतने वाली पहली महिला कंटेस्टेंट रही हैं। श्वेता उसके बाद से ‘परवरिश, हम तुम देम, मेरे डैड की दुल्हन, परवरिश, बालवीर’ जैसे कई टीवी शोज में दिखी हैं। श्वेता पहले भी काफी फेमस थीं और अब भी वो काफी फेमस हैं। बिग बॉस ने उनकी लोकप्रियता को बढ़ाया ही है। वो अभी भी टीवी में सक्रिय हैं।

बिग बॉस सीजन 5
विनर- जूही परमार
क्या कर रही हैं- कई टीवी शो में दिखी हैं
‘बिग बॉस’ का पांचवा सीजन ऐक्ट्रेस जूही परमार ने जीता था। जूही परमार भी श्वेता तिवारी की तरह ही काफी फेमस रही हैं और वो बहुत ज्यादा टीवी शोज कर चुकी हैं। जूही परमार बिग बॉस सीजन 5 जीतने के बाद ‘संतोषी मां, तंत्र, शनि, हमारी वाली गुड न्यूज’ जैसे कई टीवी सीरियल में दिखी हैं। टीवी के अलावा जूही परमार ‘एक था टाइगर’ और ‘पहचान’ जैसी हिंदी फिल्में भी कर चुकी हैं। वो अब जी टीवी के डेली सोप ‘हमारी वाली गुड न्यूज’ में काम कर रही हैं।

बिग बॉस सीजन 6
विनर- ऊर्वशी ढोलकिया
क्या कर रही हैं- रिएलिटी टीवी शो और कई फैंटेसी टीवी शोज में दिखी हैं
‘बिग बॉस 6’ साल 2012 में टेलिकास्ट किया गया था, जिसे टीवी ऐक्ट्रेस उर्वशी ढोलकिया ने जीता। 8वें और 13वें सीजन में वो बतौर गेस्ट शामिल हुई थीं। ऊर्वशी ने बिग बॉस के बाद ‘चंद्रकांता, बड़ी दूर से आए हैं, सौभाग्यवति भव, इश्क में मर जावां’ आदि कई सीरियल में काम किया है। ऊर्वशी अपने ब्वॉयफ्रेंड अनुज सचदेव के साथ ‘नच बलिए सीजन 9’ में भी दिखी थीं।

बिग बॉस सीजन 7
विनर- गौहर खान
क्या कर रही हैं- कुछ फिल्मों और टीवी सीरियल में गौहर दिखी हैं
साल 2013 में बिग बॉस 7 जीतने के बाद गौहर खान को ‘बदरीनाथ की दुल्हनिया, बेगम जान, फीवर’ जैसी फिल्मों के ऑफर मिले। इसी के साथ वो कुछ रिएलिटी शो जैसे ‘खतरों के खिलाड़ी 5, इंडियाज रॉ स्टार’ आदि में दिखी थीं। गौहर खान सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रही हैं और वो बिग बॉस सीजन 14 में बतौर सीनियर भी दिखाई दी थीं। उन्होंने हाल ही में हॉटस्टार की ऑनलाइन सीरीज द ऑफिस में काम किया है।

बिग बॉस सीजन 8
विनर- गौतम गुलाटी
क्या कर रहे हैं- वो कुछ रिएलिटी शो और फिल्मों में दिखे हैं
गौतम गुलाटी ने ‘बिग बॉस 8’ जीता था। टीवी शो ‘दीया और बाती हम’ में नजर आए गौतम गुलाटी के करियर में ‘बिग बॉस’ टर्निंग पॉइंट रहा। इसके बाद उन्हें एक के बाद एक कई फिल्मों के ऑफर मिले। गौतम ‘अजहर, बहन होगी तेरी, वर्जिन भानूप्रिया, ऑपरेशन कोबरा’ आदि जैसी फिल्मों में नजर आए हैं। इसी के साथ, वो सलमान खान की ‘राधे’ में भी दिखे हैं। अब वह ‘चंडीगढ़ करे आशिकी’ नाम की फिल्म में काम कर रहे हैं। गौतम गुलाटी ‘एमटीवी बिग एफ’ शो को भी होस्ट कर चुके हैं।

बिग बॉस सीजन 9
विनर- प्रिंस नरूला
क्या कर रहे हैं- कई म्यूजिक वीडियो और रिएलिटी शो में दिखे हैं
प्रिंस नरूला ने ‘बिग बॉस सीजन 9’ जीता था। इससे पहले उन्होंने ‘रोडीज़’ और ‘स्प्लिट्सविला’ जीतकर रेकॉर्ड बनाया था। प्रिंस नरूला और युविका चौधरी की शादी भी बिग बॉस में आने के बाद ही हुई है। वो बिग बॉस के बाद ‘रोडीज गैंग लीडर’ और कई म्यूजिक वीडियो में दिखे हैं। प्रिंस ने बिग बॉस सीजन 9 ही नहीं बल्कि ‘नच बलिए सीजन 9’ भी जीता है। वो ‘बड़ो बहू’ नामक सीरियल में मुख्य भूमिका में थे।

बिग बॉस सीजन 10
विनर- मनवीर गुर्जर
क्या कर रहे हैं- वो सोशल मीडिया और एंटरटेनमेंट की दुनिया से गायब हैं
‘बिग बॉस 10’ एक आम आदमी यानी मनवीर गुर्जर ने जीता था। उन्होंने पूर्व एमटीवी होस्ट और मॉडल बानी जे को हराकर ‘बिग बॉस’ की ट्रॉफी अपने नाम की थी। वो रातोंरात फेमस हो गए थे, लेकिन उसके बाद से वो किसी भी बड़े प्रोजेक्ट में नहीं दिखे हैं। मनवीर गुर्जर ‘खतरों के खिलाड़ी’ में भी नज़र आए थे।

बिग बॉस सीजन 11
विनर- शिल्पा शिंदे
क्या कर रही हैं- बिग बॉस सीजन 11 के बाद वो कई टीवी शो में दिखी हैं
शो का 11वां सीजन ऐक्ट्रेस शिल्पा शिंदे ने जीता था। शिल्पा शिंदे ने फिल्म ‘राधा क्यों गोरी मैं क्यों काला’ में एक रोल निभाया। इसके बाद वो ‘गैंग्स ऑफ फिल्मिस्तान’ में दिखीं। इसके अलावा मिलिंद सोमन, अन्नू कपूर, आदि के साथ उनकी ओटीटी सीरीज ‘पौरुषपुर’ रिलीज हुई। फिलहाल वह एक्टिंग से ब्रेक पर हैं।

बिग बॉस सीजन 12
विनर- दीपिका कक्कड़
क्या कर रही हैं- बिग बॉस सीजन 12 के बाद वो कई टीवी शो में दिखी हैं
‘ससुराल सिमर का’ फेम दीपिका कक्कड़ इब्राहिम ‘बिग बॉस 12’ की विनर बनी थीं। दीपिका कक्कड़ वैसे तो टीवी शो ‘कहां हम कहां तुम’ में दिखी हैं बिग बॉस जीतने के बाद से ही वो सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हो गई हैं। वो लगातार अपने यूट्यूब वीडियोज आदि पोस्ट करती रहती हैं। दीपिका कक्कड़ आगे भी कुछ प्रोजेक्ट्स पर काम कर रही हैं।

बिग बॉस सीजन 13
विनर-सिद्धार्थ शुक्ला
क्या कर रहे हैं- बिग बॉस 13 जीतने के बाद से कई म्यूजिक वीडियो में दिख चुके हैं
सिद्धार्थ शुक्ला ने बिग बॉस 13 जीतने के बाद फैन फेवरेट बन गए। उनकी और शहनाज गिल की जोड़ी को सबसे ज्यादा प्यार मिला। शो जीतने के बाद से ही सिद्धार्थ शुक्ला लगातार चर्चा में बने रहे। उन्हें Times Most Desirable Men on TV 2019 भी चुना गया था। 2 सितंबर को हार्ट अटैक आने की वजह से निधन हो गया। भले ही सिद्धार्थ शुक्ला अब हमारे बीच में न रहे हों लेकिन उनके फैंस के दिलों में वो हमेशा एक याद बनकर रहेंगे।

बिग बॉस सीजन 14
विनर- रुबीना दिलैक
क्या कर रहे हैं- रुबीना इन दिनों अपनी पहली बॉलिवुड फिल्म की शूटिंग कर रही हैं
रुबीना दिलैक पिछले सीजन की पॉपुलर कंटेस्टेंट्स में से एक थीं, जिसमें उनके पति अभिनव शुक्ला भी शामिल थे। वो कलर्स टीवी के सीरियल ‘शक्ति अस्तित्व के एहसास की’ में दिखाई दी थीं। इन दिनों रुबीना अपनी पहली बॉलिवुड फिल्म ‘अर्ध’ (Ardh) की शूटिंग कर रही हैं।