
मुंबई। दिल्ली कैपिटल्स ने विमेंस प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के पहले सीजन की शुरुआत से पूर्व ऑस्ट्रेलिया की विश्व कप विजेता कप्तान मेग लैनिंग को अपनी महिला टीम की कमान सौंपी है। भारतीय बल्लेबाज जेमिमा रॉड्रिग्स को उप-कप्तान बनाया गया है। साल 2011 में पदार्पण करने वाली लैनिंग ने 2014 में ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान संभाली थी। महिला क्रिकेट की सबसे सफल कप्तान लैनिंग अब तक ऑस्ट्रेलिया को पांच टी-20 विश्व कप और एक वनडे विश्व कप जिता चुकी हैं।
उप-कप्तान जेमिमा ने 2018 में अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर की शुरुआत की थी और हाल के वर्षों में वह भारतीय टी-20 टीम की प्रमुख खिलाड़ी रही हैं। जेमिमा अपने करियर में 80 टी-20 अंतर्राष्ट्रीय खेलकर 1704 रन बना चुकी हैं, जिसमें 10 अर्द्धशतक शामिल हैं। डब्ल्यूपीएल की शुरुआत चार मार्च को गुजरात जायंट्स और मुंबई इंडियन्स के बीच मुकाबले से होगी। कैपिटल्स अपने अभियान की शुरुआत पांच मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ मुकाबले से करेंगे।
अन्य खबरें भी पढ़ें…
अहमदाबाद में दंपति को टक्कर मारकर BMW चालक फरार
अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में बीती रात सिम्स अस्पताल से जायडस अस्पताल के लिए ओवर ब्रिज पर चलते समय एक तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने दंपति को टक्कर मार दी। दंपति को गंभीर चोटें आई हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं कार चालक बीएमडब्ल्यू कार को खेत में छोड़कर फरार हो गया। पुलिस को कार में से शराब की बोतल मिली है। पुलिस ने कार मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
सलाम एयर की फ्लाइट की नागपुर में इमरजेंसी लैंडिंग
बांग्लादेश के चटगांव से मस्कट जा रही सलाम एयर की फ्लाइट की बुधवार देर रात नागपुर एयरपोर्ट में इमरजेंसी लैंडिंग हुई। प्लेन के इंजन से धुआं निकलने के बाद उसे बुधवार रात महाराष्ट्र के नागपुर हवाई अड्डे पर लैंड करवाया गया। फ्लाइट में करीब 200 यात्री और सात क्रू के सदस्य सवार थे, सभी सुरक्षित हैं।
खाटूश्यामजी के दर्शन कर लौट रहे 4 लोगों की हादसे में मौत
टोंक। जयपुर-कोटा हाईवे पर गुरुवार तड़के एक हादसा हो गया। यहां हाईवे पर खड़े कंटेनर में वैन जा घुसी। हादसे में वैन में सवार ड्राइवर सहित 4 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी खाटूश्याम दरबार से दर्शन कर लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि, हादसा गुरुवार सुबह करीब साढ़े चार बजे टोंक जिले के घाड़ इलाके में हुआ। वैन ड्राइवर को झपकी आने की वजह से वह कंटेनर में जा घुसा।
अफगानिस्तान के फैजाबाद में आया 4.1 तीव्रता का भूकंप
अफगानिस्तान के फैजाबाद में बुधवार-गुरुवार देर रात भूकंप के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, गुरुवार को सुबह अफगानिस्तान में 4.1 तीव्रता का भूकंप आया। यह भूकंप अफगानिस्तान के फैजाबाद से 267 किमी उत्तर पूर्व में 2.35 बजे आया था। भूकंप का केंद्र 245 किलोमीटर की गहराई में था। फिलहाल किसी प्रकार के जानमाल के नुकसान की कोई खबर नहीं है।