
जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक नल से जल पहुंचाने वाला मध्य प्रदेश का बुरहानपुर देश का नंबर वन जिला बन गया है। देश में सबसे पहले हर घर जल प्रमाणित जिला घोषित होने पर रविवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुरहानपुर जिले को सम्मानित किया। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में जिले की ओर से ये पुरस्कार पीएचई विभाग के अतिरिक्त प्रमुख सचिव मलय श्रीवास्तव और कलेक्टर प्रवीण सिंह ने ग्रहण किया है।
इस कार्यक्रम में जिले से आठ सदस्यीय दल शामिल हुआ था। इसमें चार स्व सहायता समूह की महिलाएं, पीएचइ विभाग के अधिकारी और सीइओ जिला पंचायत रोहित सिसोनिया शामिल थे।
जिले के 254 गांवों में शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया
दरअसल, केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना जल जीवन मिशन के तहत हर घर में नल से पेयजल पहुंचाने के मामले में मप्र का बुरहानपुर देश का पहला जिला बना है। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी गत दिनों ट्वीट कर जिला प्रशासन और मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को बधाई दी थी।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भी बुरहानपुर को बधाई दी थी। योजना के तहत जिले की 167 ग्राम पंचायतों के 254 गांवों के एक लाख से ज्यादा परिवारों को रिकॉर्ड समय में उनके घर में ही सहजता से शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
सीएम ने दी बधाई
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बुरहानपुर जिले को देश का प्रथम हर घर जल जिला बनने पर सभी को हार्दिक बधाई। बुरहानपुर को हर घर नल से जल पहुंचाने के संकल्प को पूर्ण करने वाले समस्त विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों और जिला प्रशासन की पूरी टीम का हृदय से अभिनंदन करता हूं। यह गौरव और सम्मान आप सबके सतत घनघोर परिश्रम एवं प्रयासों का प्रतिफल है। आपको बधाई और शुभकामनाएं!
ये भी पढ़ें: Swachh Survekshan 2022 : इंदौर फिर बना स्वच्छता का सिरमौर, लगातार छठवीं बार हासिल किया नंबर-1 का खिताब
संचालन की जिम्मेदारी महिला समूहों को सौंपी
कलेक्टर प्रवीण सिंह के अनुसार, जल जीवन मिशन के माध्यम से जिले को महिला सशक्तिकरण का केंद्र भी बनाने का प्रयास किया है। पंचायतों में नल-जल योजनाओं के संचालन की जिम्मेदारी महिला स्व सहायता समूहों को सौंपी गई है। ये महिलाएं ही ग्रामीणों से जल कर की वसूली और पानी की जांच कर रही हैं। इसके बदले उन्हें 20 % कमीशन दिया जा रहा है। जिले की करीब 1700 महिलाएं नल जल योजनाओं का संचालन कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं।
गांवों में 6 माह के अंदर बिछाई पाइप लाइन
गौरतलब है कि केंद्र सरकार की जल जीवन मिशन योजना के तहत जिले में सितंबर 2020 में काम शुरू हुआ था। जिला प्रशासन ने टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के बाद इस काम को मिशन मोड में लिया था। खासतौर पर कलेक्टर प्रवीण सिंह ने व्यक्तिगत रुचि लेकर इसकी लगातार मानीटरिंग की, अधिकांश गांवों में 6 माह के अंदर ही पाइप लाइन बिछाई जा चुकी थी। इनमें से कई गांव के लोगों को इसी समय से पेयजल मिलना भी शुरू हो गया था। इसके बाद टंकियों और शेष बचे कामों को पूरा कराया गया। सितंबर 2021 से पहले ही योजना को पूर्ण कर लिया गया था।
ये भी पढ़ें: CM शिवराज ने किया ऐलान… MP में नहीं चलेंगे हुक्का लाउंज; उमा भारती बोलीं – शराब चिंता का विषय है