
केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर बनी बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री शेयर करने वाले वीडियो और ट्वीट्स को ब्लॉक करने के आदेश दिए हैं। सूत्रों की मानें तो सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने इसके लिए निर्देश जारी किए हैं। बता दें कि मंत्रालय ने आदेश दिया है कि यूट्यूब पर शेयर किए गए बीबीसी डॉक्यूमेंट्री के पहले एपिसोड के सभी वीडियो ब्लॉक किए जाएं। ट्विटर को बीबीसी की डॉक्यूमेंट्री “इंडिया : द मोदी क्वेश्चन” के यूट्यूब वीडियो के लिंक वाले 50 से अधिक ट्वीट्स को ब्लॉक करने का आदेश दिया गया है।
सूत्रों के मुताबिक, शुक्रवार को सूचना एवं प्रसारण सचिव की ओर से IT नियम 2021 के तहत आपातकालीन शक्तियों का उपयोग करते हुए निर्देश जारी किए गए थे। YouTube और Twitter दोनों ने इन निर्देशों का अनुपालन किया है।
Eminent Indians slam BBC documentary on PM Modi, say it's visibly motivated charge sheet against a patriot
Read @ANI Story | https://t.co/2UcWQrALZC#PMModi #BBCDocumentary #India pic.twitter.com/IqlxcTEGKJ
— ANI Digital (@ani_digital) January 21, 2023
सरकार ने डॉक्यूमेंट्री पर जताई नाराजगी
सूत्रों की मानें तो बीबीसी की ओर से इस डॉक्यूमेंट्री सीरीज को भारत में उपलब्ध नहीं कराया गया था। लेकिन कुछ YouTube चैनलों ने भारत विरोधी एजेंडे को बढ़ावा देने के लिए इसे अपलोड किया है। इससे पहले गुरुवार को भारत ने इस विवादास्पद बीबीसी डाक्यूमेंट्री सीरीज की निंदा की थी। सरकार ने डॉक्यूमेंट्री पर नाराजगी जताई और इसे चुनिंदा प्लेटफॉर्मों से हटा दिया गया।
बता दें कि बीबीसी ने इंडिया : द मोदी क्वेश्चन शीर्षक से दो भाग में एक सीरीज बनाई है। यह सीरीज गुजरात में 2002 में हुए दंगों के बारे में है, जब मोदी राज्य के मुख्यमंत्री थे। यह डॉक्यूमेंट्री ब्रिटेन के पब्लिक ब्रॉडकास्टर ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन की तरफ से बनाई गई है।