राष्ट्रीय

एकनाथ शिंदे होंगे महाराष्ट्र के नए CM, देवेंद्र फडणवीस ने किया समर्थन का ऐलान

महाराष्ट्र की राजनीति में गुरूवार को बड़ा बदलाव उस समय हो गया जब देवेंद्र फडणवीस ने ऐलान किया कि महाराष्ट्र के नए मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे होंगे। शिंदे शाम के साढ़े सात बजे राजभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि 2019 में BJP और शिवसेना साथ में चुनाव लड़ी। पीएम मोदी के नेतृत्व में हमें पूर्ण बहुमत मिला। पीएम ने चुनाव के दौरान BJP के मुख्यमंत्री के नाम की घोषणा की और वो नाम सबको मंजूर भी था, लेकिन चुनाव के बाद शिवसेना के नेताओं ने निर्णय किया कि बाला साहेब ठाकरे ने जिन विचारों का जीवन भर विरोध किया ऐसे लोगों के साथ उन्होंने गठबंधन किया।

फडणवीस नहीं होंगे सरकार में शामिल

देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि आज सिर्फ एकनाथ शिंदे का शपथ ग्रहण होगा। मैं एकनाथ शिंदे के मंत्रिमंडल से बाहर रहूंगा।

हम शिंदे सरकार को पूरा समर्थन देंगे : फडणवीस

फडणवीस ने कहा कि हम शिंदे सरकार को पूरा समर्थन देंगे। सरकार पीएम मोदी के विजन को आगे बढ़ाएगी। फडणवीस ने कहा कि शिवसेना विधायक मांग कर रहे थे कि कांग्रेस और एनसीपी से गठबंधन खत्म किया जाए, लेकिन उद्धव ठाकरे ने इन विधायकों की अनदेखी कर एमवीए गठबंधन के सहयोगियों को प्राथमिकता दी। इसलिए इन विधायकों ने आवाज तेज की है।

उद्धव सरकार के 2 मंत्री जेल में हैं : फडणवीस

फडणवीस ने कहा कि महाराष्ट्र के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि सरकार के 2-2 मंत्री जेल में हैं। इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ। बाला साहेब ने हमेशा दाऊद का विरोध किया, लेकिन उद्धव सरकार का एक मंत्री दाऊद से जुड़ा हुआ था। जेल में जाने के बाद भी उसे मंत्री पद से हटाया नहीं गया। ये बाला साहेब का अपमान है। फडवीस ने आरोप लगाया कि उद्धव सरकार ने आखिरी समय में संभाजी नगर किया गया।

एकनाथ शिंदे ने क्या कहा ?

एकनाथ शिंदे ने कहा कि हमने जो निर्णय लिया है वे बाला साहेब के हिंदुत्व और हमारे विधायकों के निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए प्रतिबद्ध है। हमारे साथ 50 विधायक हैं। हमने कई बार मुख्यमंत्री से अपने विधानसभा क्षेत्र के समस्याओं के बारे में बताया। मुख्यमंत्री ने कभी हमारे बातों पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया।

‘फडणवीस CM बन सकते थे, लेकिन…

एकनाथ शिंदे ने कहा कि संख्या बल के आधार पर फडणवीस मुख्यमंत्री बन सकते थे, लेकिन उन्होंने बड़ा दिल दिखाया और मैं इसके लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं। शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र में नई सरकार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, अमित शाह और जेपी नड्डा का समर्थन मिलेगा।

राष्ट्रीय की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button