ताजा खबरराष्ट्रीय

अमेरिका 487 और अवैध भारतीय प्रवासियों को करेगा डिपोर्ट, हथकड़ी लगाकर वापस भेजने पर विदेश मंत्रालय ने कही ये बात

नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को कहा कि उसने हथकड़ी लगाकर अवैध प्रवासियों को वापस भेजे जाने के मुद्दे पर अमेरिका के समक्ष चिंता व्यक्त की है। इसने यह भी कहा कि इस तरह के व्यवहार से बचा जा सकता था। विदेश सचिव विक्रम मिस्री की यह टिप्पणी अमेरिका द्वारा अवैध भारतीय प्रवासियों को सैन्य विमान में 40 घंटे की उड़ान के दौरान हथकड़ी लगाकर वापस भेजे जाने पर मचे बवाल के बीच आई है। विदेश मंत्रालय ने बताया कि अमेरिका ने 487 अवैध प्रवासी भारतीयों को भारत भेजने के लिए चिह्नित किया है। इनमें से 298 लोगों के बारे में जानकारी दी गई है।

487 और अवैध भारतीय प्रवासी चिह्नित

मिस्री ने प्रवासियों को भेजे जाने से संबंधित प्रश्नों पर कहा, ‘‘हमने अपनी चिंताओं से अमेरिका को अवगत कराया है कि इस प्रकार के व्यवहार से बचा जा सकता है।” उन्होंने कहा कि अमेरिका से भेजे जाने के लिए 487 भारतीय नागरिकों को चिह्नित कर लिया गया है और 298 लोगों का विवरण भारत के साथ साझा किया गया है। उन्होंने कहा कि अमेरिकी अधिकारियों द्वारा साझा की गई जानकारी का सत्यापन किया जा रहा है।

अमेरिकी नीति 2012 से ही लागू

विदेश सचिव ने कहा कि हथकड़ी लगाकर अवैध प्रवासियों को वापस भेजने की अमेरिकी नीति 2012 से ही लागू है। विदेश सचिव से जब पूछा गया कि क्या भारत ने 2012 में हथकड़ी लगाकर अवैध प्रवासियों को वापस भेजने पर अपना विरोध दर्ज कराया था, तो उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि कोई विरोध जताया गया था। हमारे पास आपत्ति के संबंध में कोई रिकॉर्ड नहीं है।” मिस्री ने विदेश मंत्री एस जयशंकर द्वारा गुरुवार को संसद में दिए गए बयान का हवाला दिया। उन्होंने कहा, ‘‘विदेश मंत्री ने मानक संचालन प्रक्रिया से अवगत कराया जैसा कि अमेरिकी अधिकारियों ने आव्रजन और सीमा शुल्क नियमन पर सूचित किया था।” उन्होंने कहा कि मंत्री ने इस तथ्य की ओर ध्यान दिलाया किया कि ऐसी प्रक्रिया 2012 से ही प्रचलन में है।


विदेश सचिव ने कहा कि भारत अमेरिकी अधिकारियों के समक्ष लगातार जोर देकर कह रहा है कि भेजे जाने वाले प्रवासियों के साथ कोई दुर्व्यवहार नहीं होना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे ध्यान में दुर्व्यवहार का कोई भी मामला सामने आने पर हम उसे उठाते रहेंगे।” मिस्री ने अवैध आव्रजन के पारिस्थितिकी तंत्र के ‘‘असली कैंसर” के खिलाफ कार्रवाई करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।

US से डिपोर्ट किए 104 अवैध भारतीय अप्रवासी

बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने US से अवैध अप्रवासियों को डिपोर्ट करना शुरू कर दिया है। अमेरिका से डिपोर्ट किए गए 104 भारतीयों को लेकर US मिलिट्री का C-17 प्लेन 5 फरवरी को पंजाब के अमृतसर एयरपोर्ट पर उतरा।

ये भी पढ़ें –  पैरों में जंजीर, हाथों में हथकड़ी… अमेरिका से भारतीयों को कुछ यूं किया गया डिपोर्ट, सामने आया वीडियो

ये भी पढ़ें- ‘ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है…’, डिपोर्टेशन पर बोले विदेश मंत्री, विपक्ष ने हथकड़ी पहनकर किया प्रदर्शन

संबंधित खबरें...

Back to top button