
एंटरटेनमेंट डेस्क। एक्टर और फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद खान का विवादों से पुराना नाता है। बॉलीवुड स्टार्स पर अपने कॉन्ट्रोवर्सियल बयान को लेकर वह अक्सर सुर्खियों में बने रहते हैं। वहीं अब अपने एक विवादित बयान की वजह से उन्हें जेल हो सकती है। उनके खिलाफ मध्य प्रदेश के इंदौर की जिला कोर्ट ने गिरफ्तारी का वारंट जारी कर दिया है। बता दें कि, एक्टर मनोज बाजपेयी ने KRK के खिलाफ मानहानि का केस दर्ज करवाया था।
मनोज बाजपेयी को बताया था ‘नशेड़ी’
जानकारी के मुताबिक, कमाल राशिद खान उर्फ KRK ने 26 जुलाई 2021 को दो ट्वीट किए थे। इन ट्वीट में उन्होंने बॉलीवुड एक्टर मनोज बाजपेयी को उनकी वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन’ के लिए टारगेट किया था। इसके अलावा उन्होंने मनोज बाजपेयी को ‘नशेड़ी-गंजेड़ी’ कहकर संबोधित किया था। जिसके बाद एक्टर ने इंदौर थाने में केआरके के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई थी। मनोज की इसी शिकायत पर सुनवाई के दौरान मौजूद न रहने पर इंदौर कोर्ट ने KRK के खिलाफ अरेस्ट वारंट जारी किया है।
KRK ने बेच दिया था ट्विटर हैंडल
इंदौर के ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट (फर्स्ट क्लास) ने गुरुवार को वारंट जारी करते हुए, मामले की अगली सुनवाई की तारीख 10 मई तय की है। केआरके के वकील ने कहा कि, उनके खिलाफ हो रही कार्रवाई पर स्टे लगना चाहिए क्योंकि मामला अब सुप्रीम कोर्ट पहुंच चुका है। केआरके ने मध्य प्रदेश हाई कोर्ट में अपने खिलाफ चल रहे मानहानि के इस केस को रद्द करने के लिए याचिका दायर की थी। जिसे कोर्ट ने 13 दिसंबर 2022 को खारिज कर दिया।
KRK के वकील ने दावा किया था कि, जिन ट्विटर हैंडल्स से 2021 में हुए ट्वीट पर सवाल उठाया जा रहा है, उनमें से एक ‘KRK Box Office’ को अक्टूबर 2020 में सलीम अहमद नाम एक व्यक्ति को बेच दिया था। केआरके ने दावा किया कि, ये ट्वीट उनकी ओर से नहीं बल्कि अकाउंट के नए मालिक की तरफ से किया गया था।
ये भी पढ़ें- फिल्म क्रिटिक कमाल आर. खान गिरफ्तार, 2020 में ऋषि और इरफान को लेकर किया था विवादित ट्वीट