राष्ट्रीय

हंगामे के चलते नहीं हो सका दिल्ली मेयर का चुनाव, एमसीडी का सदन अनिश्चितकाल के लिए स्थगित

नई दिल्ली। दिल्ली नगर निगम का सदन मंगलवार को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया। यहां आज मेयर का चुनाव होने की उम्मीद थी, लेकिन भाजपा पार्षदों के हंगामे के चलते सदन स्थगित करना पड़ा। एमसीडी के चुनाव 4 दिसंबर 2022 को हुए थे। 7 दिसंबर को हुई मतगणना में आम आदमी पार्टी ने 134 वार्ड जीतकर एमसीडी में भाजपा के 15 साल की सत्ता को खत्म कर दिया था।

पार्षदों की शपथ होते ही हंगामा

मंगलवार 24 जनवरी को दिल्ली नगर निगम के मेयर, डिप्टी मेयर और सदन से स्थायी समिति के 6 सदस्यों के पदों के लिए चुनाव होने थे। सदन शुरू होते ही सभी 250 निर्वाचित पार्षदों को शपथ दिलाई गई। इसके बाद आम आदमी पार्टी के पार्षद मुकेश गोयल ने कहा- जो लोग वोट डालने के पात्र नहीं है, उन्हें सदन के बाहर बैठाया जाए। इस बीच पार्षदों ने हंगामा कर दिया। इस वजह से सदन स्थगित कर दिया गया।

शैली ओबेरॉय और रेखा गुप्ता में टक्कर

दिल्ली मेयर पद के लिए आम आदमी पार्टी से शैली ओबरॉय और आशु ठाकुर मैदान में हैं, जबकि भाजपा की तरफ से रेखा गुप्ता उम्मीदवार हैं। इससे पहले भाजपा ने अपना मेयर प्रत्याशी नहीं उतारने की बात कही थी। शैली ओबरॉय आप की मुख्य दावेदार हैं। डिप्टी मेयर पद के प्रत्याशियों में आप से आले मोहम्मद इकबाल और जलज कुमार तथा भाजपा से कमल बागड़ी हैं। कांग्रेस ने आज के चुनावों शामिल नहीं होने का फैसला किया था। एमसीडी में उसके 9 पार्षद हैं।

सुरक्षाबलों को अंदर ले जाने पर सवाल

मंगलवार को एमसीडी मुख्यालय के सिविक सेंटर में बड़ी संख्या में पैरामिलिट्री के जवान तैनात किए गए थे। इसके कुछ वीडियो ट्विटर पर शेयर करते हुए लोगों ने सवाल उठाए थे कि भाजपा मनमाने तरीके से सदन में सुरक्षाबलों को ले जा रही है, जबकि यह परंपरा के विरुद्ध है।

संबंधित खबरें...

Back to top button