भोपालमध्य प्रदेश

इकबाल अभी बने रह सकते हैं मध्यप्रदेश के मुख्य सचिव, छह माह का एक्सटेंशन देने की तैयारी

नए मुख्य सचिव को लेकर चल रही कवायद के बीच सेवावृद्धि देने का फैसला

मनीष दीक्षित, भोपाल। मुख्यसचिव इकबाल सिंह बैंस का उत्तराधिकारी कौन होगा ? यह सवाल पिछले एक माह से सत्ता के गलियारों में घूम रहा है। प्रदेश की अफसरशाही जिस सवाल का उत्तर ढूंढ रही है उस पर सिद्धांतत: सहमति बनती दिखाई पड़ रही है। कुछ औपचारिकताओं के बाद इसकी जानकारी जल्द ही सबके सामने होगी। सूत्रों की मानें तो प्रदेश के मुख्यसचिव पर विश्वास जताते हुए, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने उन्हें छह माह का एक्सटेंशन देने का मन बना लिया है। यह फैसला शिवराज ने अपने विश्वस्त लोगों से सलाह मशविरा के बाद लिया है। शायद यही वजह है कि मुख्यसचिव के कार्यकाल के मात्र 9 दिन बचे होने के बावजूद अभी तक विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी (ओएसडी) का कोई आदेश नहीं निकला है।

सरकार ने विवादों से बचने के लिए निकाला फॉर्मूला

मुख्यमंत्री के इस निर्णय से कई वरिष्ठ अधिकारियों की उम्मीदों पर फिलहाल पानी फिरता दिखाई पड़ रहा है, जो इकबाल की विदाई की राह देख रहे थे। इसकी एक वजह यह भी है कि सीएस पद के कई दावेदार हैं और केंद्रीय प्रतिनियुक्ति में पदस्थ अधिकारियों की चुनावी वर्ष में लौटने की रुचि भी नहीं दिख रही है। ऐसे में किसी एक को चुनना, अन्य दावेदारों को निराश कर सकता है। सरकार भी वरिष्ठ अधिकारियों को सुपरसीड कर किसी और को यह जिम्मेदारी देने से उपजने वाले विवादों से बचना चाहती है।

हालांकि, वर्तमान मुख्यसचिव को एक्सटेंशन मिलने के बावजूद यह सभी अफसर काम करते रहेंगे और आगामी चुनाव के बाद अपनी दावेदारी करेंगे। मुख्यसचिव पद के कुछ दावेदारों के पास अभी पर्याप्त लंबा समय है इसलिए वे भी चुनावी वर्ष में कोई रिस्क नहीं लेना चाहते।

एक्सटेंशन के लिए केंद्र की अनुमति जरूरी

सूत्रों के अनुसार इस निर्णय के पीछे मुख्यमंत्री की यही मंशा दिखाई पड़ रही है कि वे अपने सबसे भरोसेमंद अफसर के साथ कुछ महीने और काम करें। शिवराज विकास से जुड़े जिन मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाना चाहते हैं, उनको मौजूद मुख्यसचिव ही अमलीजामा पहनाए। इस समय मुख्यमंत्री और मुख्यसचिव के बीच समन्वय अच्छा चल रहा है। केंद्र सरकार की अनुमति मिलने के पश्चात बैंस मुख्यसचिव बने रहेंगे। केंद्र सरकार मुख्यसचिव के कार्यकाल में वृद्धि अखिल भारतीय (डेथ-कम-रिटायरमेंट) नियम 1958 के नियम 16 (3 ) के तहत करती हैं।

…तो एक्सटेंशन पाने वाले चौथे मुख्य सचिव होंगे इकबाल

मुख्यसचिव रहते हुए सेवावृद्धि मिलने वाले इकबाल सिंह प्रदेश के चौथे मुख्यसचिव होंगे। इससे पहले शिवराज सिंह चौहान ने तत्कालीन मुख्य सचिव बीपी सिंह और आर परशुराम को 6-6 माह का एक्सटेंशन दिया था। यह महज संयोग ही है कि शिवराज के राजनीतिक गुरु सुंदरलाल पटवा ने इसकी शुरुआत की थी। उन्होंने 1958 बैच के आरपी कपूर को 6 माह का एक्सटेंशन दिया था। स्वर्गीय कपूर का कार्यकाल मार्च 1991 में समाप्त होना था पर वे 22 सितंबर 1991 तक मुख्यसचिव रहे।

मध्यप्रदेश की अन्य खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button