
भोपाल के वन विहार नेशनल पार्क में गुजरात के जूनागढ़ से एशियाई शेरों का एक जोड़ा लाया गया है। ये शेर 1000 किलोमीटर का सफर तय कर शनिवार शाम साढ़े 4 बजे वन विहार पहुंचे। इन शेरों को 21 दिन के लिए क्वारंटाइन में रखा जाएगा, जिससे नए साल में लोग इन्हें देख पाएंगे। नर और मादा शेर की उम्र लगभग 3 साल है। जैसे ही इनकी एंट्री हुई, वन विहार में खुशी का माहौल बन गया। पिंजरे से बाहर आते ही शेरों ने छलांग लगाई, हालांकि शुरू में वे थोड़े घबराए हुए थे, लेकिन फिर इधर-उधर घूमने लगे।
डॉक्टर्स करेंगे शेरों की जांच
वन विहार के डिप्टी डायरेक्टर एसके सिन्हा ने बताया कि दोनों शेरों को अलग-अलग बाड़े में रखा गया है। एक डॉक्टरों की टीम 21 दिन तक उनकी निगरानी करेगी। शेरों को क्वारंटाइन में रखा जाएगा और डॉक्टरों की मंजूरी के बाद ही उन्हें पर्यटकों के लिए बाहर निकाला जाएगा।
गुजरात गई थी वन विहार की टीम
वन विहार का 9 सदस्यीय दल 17 दिसंबर को जूनागढ़ के सक्करबाग चिड़ियाघर से शेर लेने गया था और 21 दिसंबर की शाम को भोपाल लौट आया। इस टीम में वन विहार के इकाई प्रभारी, पर्यटन अधिकारी और सहायक वन्यजीव चिकित्सक भी शामिल थे। दल के लौटने पर डायरेक्टर मीना अवधेश कुमार भी मौजूद थीं।