
ग्वालियर। ग्वालियर कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह और आम आदमी पार्टी की महिला नेता डॉ. रुचि गुप्ता के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना शुक्रवार देर रात की है। दरअसल, महिला नेता और कलेक्टर, दोनों ही परिवार के साथ शहर के एक मल्टीप्लेक्स में फिल्म देखने पहुंचे थे। यहां सीट को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ। मामला थाने तक पहुंच गया। महिला नेता आधी रात तक कलेक्टर और उनकी पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने में डटी रहीं।
क्यों हुआ विवाद
आम आदमी पार्टी की नेता डॉ. रुचि ने बताया कि वह शक्रवार की रात आईनॉक्स सिनेमा में परिवार के साथ फिल्म देखने पहुंचीं थीं। इसी हॉल में कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह भी अपनी पत्नी के साथ मूवी देख रहे थे। रुचि का कहना है कि कलेक्टर के बगल की दो सीटें खाली थीं, जिनमें से एक सीट पर उनका बेटा जाकर बैठ गया। इस पर कलेक्टर और उनकी पत्नी ने जमकर हंगामा किया और उनके साथ अभद्रता की। बाद में दोनों मूवी छोड़कर चले गए।
#आप नेता #डॉ_रुचि_गुप्ता और ग्वालियर कलेक्टर #कौशलेन्द्र_विक्रम सिंह के बीच सिनेमा हॉल में विवाद। आधी रात थाने पहुंचकर #एफआईआर दर्ज कराने की मांग।@dmgwalior @AamAadmiParty #AAP #FIR #MPNews #PeoplesUpdate pic.twitter.com/4AdbyfPMW7
— Peoples Samachar (@psamachar1) December 10, 2022
रात ढाई बजे तक थाने में रहीं रुचि
घटना के बाद डॉ. रुचि गुप्ता थाने पहुंचीं और कलेक्टर व उनकी पत्नी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन दिया। उन्होंने थाने से ही लाइव वीडियो बनाकर बताया कि कलेक्टर और उनकी पत्नी ने उन्हें धमकी दी है। रुचि ने कहा- कलेक्टर मुझे जानते हैं, इसके बावजूद उन्होंने इस तरह से अभद्रता की तो फिर आम आदमी के साथ क्या होता होगा। उन्होंने अपनी जान का खतरा बताया है।
कलेक्टर बोले- बेटियों की सीट थी
आम आदमी पार्टी नेता ने इस मामले में स्थानीय थाने में आवेदन देकर कलेक्टर और उनकी पत्नी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उधर, कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह का कहना है कि मैं भी आम आदमी हूं। पत्नी और बेटियां के साथ फिल्म देखने के लिए मैंने चार सीटें बुक कराई थीं। बच्चा बेटियों की सीट पर बैठ गया था। इसी को बेवजह मुद्दा बना दिया गया। उन्होंने घटना के बाबत कुछ भी बोलने से इंकार किया है।