
दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को लेकर सीएम अरविंद केजरीवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। इस दौरान केजरीवाल ने एलान किया कि कल से दिल्ली में प्राइमरी स्कूल बंद रहेंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने कहा है कि दिल्ली में वाहनों के लिए ऑड-इवेन लागू करने पर भी विचार किया जा रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उनके साथ पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी मौजूद रहे।
पराली जलाने की घटनाओं की खुद ली जिम्मेदारी
केजरीवाल ने कहा कि, पंजाब में पराली जलाई जा रहा है। इस पराली जलाए जाने के लिए किसान नहीं बल्कि हम जिम्मेदार हैं। हम कोई ब्लेम गेम नहीं खेलना चाहते, पराली के लिए हमें किसान को कोई समाधान देना होगा। फिलहाल किसान के पास उसे जलाने के सिवा कोई रास्ता नहीं होता। पराली जलाने में 22 प्रतिशत की बढोतरी हुई है, जो कि खतरनाक है।
472 तक पहुंचा AQI
बता दें कि, प्रदूषण की वजह से दिल्ली में सांस लेना मुश्किल हो गया है। शुक्रवार सुबह एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 472 तक पहुंच गया। पूरी दिल्ली में घना कोहरा छाया हुआ है। AQI हवा की क्वालिटी मापने का पैमाना है, 450 से ऊपर होने पर इसे बेहद गंभीर माना जाता है यानी फेफड़ों के लिए खतरनाक।
नोएडा में बंद हुए स्कूल
नोएडा और ग्रेटर नोएडा में प्रशासन की ओर से कक्षा एक से लेकर आठ तक के बच्चों की क्लासेस ऑनलाइन लेने का फैसला किया है। गौतम बौद्ध नगर के जिला विद्यालय निरीक्षक धर्मवीर सिंह ने 9वीं से 12वीं तक की क्लास भी ऑनलाइन चलाने का आदेश दिया है। 8 नवंबर तक सभी स्कूलों में खेल या बैठक जैसी एक्टिविटी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगी।
ये भी पढ़ें- दिल्ली में निर्माण गतिविधियों पर रोक, मजदूरों को हर महीने 5000 रुपए देगी केजरीवाल सरकार
दिल्ली में GRAP का तीसरा चरण लागू
दिल्ली की खतरनाक होती आबोहवा को देखते हुए केंद्र सरकार की वायु गणवत्ता समिति ने 30 अक्टूबर को दिल्ली-एनसीआर में आवश्यक परियोजनाओं को छोड़कर निर्माण, तोड़ फोड़ और अन्य गतिविधियों पर रोक लगा दी थी। चरणबद्ध प्रतिक्रिया कार्य योजना (GRAP) के चरण तीन के तहत पाबंदियों में निर्माण, तोड़फोड़ और खनन समेत अन्य गतिविधियों पर रोक लगेगी, लेकिन राष्ट्रीय सुरक्षा, रक्षा, रेलवे और मेट्रो समेत अन्य आवश्यक परियोजनाओं को इससे छूट होगी।