राष्ट्रीय

दिग्विजय सिंह लड़ेंगे कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव, दिल्ली में बोले- कल नामांकन दाखिल करूंगा

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे। बता दें कि दिग्विजय सिंह गुरुवार को दिल्ली में कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने कहा कि वह कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव का नॉमिनेशन फॉर्म लेने के लिए आए हैं और वह कल नामांकन दाखिल करेंगे। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक दिग्विजय सिंह के प्रस्तावक बनने के लिए मप्र के नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह के साथ मप्र के 10 विधायक दिल्ली जाएंगे।

कल अचानक दिल्ली पहुंचे दिग्विजय

दिग्विजय सिंह बुधवार देर रात अचानक केरल से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ छोड़कर दिल्ली पहुंचे थे। बता दें कि इससे पहले दिल्ली में दिग्विजय सिंह के बंगले पर पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम मिलने पहुंचे। करीब 45 मिनट तक दोनों नेताओं की बंद कमरे में बातचीत हुई।

गांधी परिवार के वफादारों में होती है दिग्विजय सिंह की गिनती

दिग्विजय के पास लंबा संगठनात्मक और प्रशासनिक अनुभव है। वह दो बार मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। उनकी गिनती गांधी परिवार के वफादारों में होती है। कांग्रेस फिलहाल संघ और उनके हिंदुत्व के खिलाफ आवाज बुलंद कर रही है। इन्हीं के खिलाफ दिग्विजय सिंह भी लंबे वक्त से मुखर होकर बात करते रहे हैं।

ये भी पढ़ें- सोनिया गांधी से आज मुलाकात करेंगे गहलोत, पायलट ने भी दिल्ली में डाला डेरा

वहीं, अगर खामियों की बात करें तो 2019 में दिग्विजय सिंह खुद 2019 में भोपाल से चुनाव हार गए थे। बयानों की उनकी मुखरता कुछ मौकों पर बैकफायर भी कर देती है, जिससे पार्टी को भी कई बार दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। मौजूदा दौर में दिग्विजय का जनसमर्थन भी सिमटता दिखता है। परिवारवाद के आरोपों का सामना भी दिग्विजय कर रहे हैं।

22 साल की उम्र में लड़ा पहला चुनाव

दिग्विजय सिंह का राजनीतिक करियर 50 साल से ज्यादा का हो चुका है। मध्यप्रदेश की राघोगढ़ रियासत के राजपरिवार से आने वाले दिग्विजय सिंह को सियासत विरासत में मिली थी, उनके पिता बलभद्र सिंह भी विधायक थे। ऐसे में 1969 में 22 साल की उम्र में दिग्विजय सिंह ने राघोगढ़ नगर पालिका का चुनाव जीता था। जिसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। उन्होंने अपने राजनीति करियर में राघोगढ़ से दिल्ली तक के सफर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। लेकिन, दिग्विजय सिंह प्रदेश और देश की राजनीति में आज भी प्रासांगिक बने हुए हैं। वह फिलहाल पार्टी में महासचिव और राज्यसभा सांसद हैं।

कल नामांकन की अंतिम तारीख

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव के लिए घोषित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया 24 सितंबर से शुरू हुई तथा 30 सितंबर तक चलेगी। नामांकन पत्र वापस लेने की अंतिम तिथि 8 अक्टूबर है। एक से अधिक उम्मीदवार होने पर 17 अक्टूबर को मतदान होगा और नतीजे 19 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।

अन्य राष्ट्रीय खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

संबंधित खबरें...

Back to top button