इंदौरमध्य प्रदेश

VIDEO : बाबा महाकाल की सवारी में सपत्नीक शामिल हुए CM शिवराज, महाकाल लोक के लोकार्पण के लिए किया आमंत्रित

विजयादशमी के अवसर पर राजाधिराज भगवान महाकाल की शाही ठाठ-बाट के साथ सवारी निकली। इसमें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सपत्नीक शामिल हुए। ‘श्री महाकाल लोक’ के लोकार्पण के लोकोत्सव का शुभारंभ बाबा महाकाल की सवारी के साथ ही हो गया। बाबा महाकाल की सवारी इस बार कुछ खास अंदाज में दशहरा मैदान पहुंची।

रावण दहन के पहले दशहरा मैदान पर बाबा महाकाल का विधि-विधान से पूजन किया गया। शमी वृक्ष के पूजन के बाद सवारी पुन: मंदिर के लिए रवाना हुई। श्रद्धालुओं ने सवारी का फूल मालाओं से स्वागत किया। सीएम के अलावा नगरी प्रशासन मंत्री भूपेंद्र सिंह, उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. मोहन यादव और सांसद अनिल फिरोजिया भी सवारी में शामिल हुए।

11 अक्टूबर को अवकाश घोषित

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि उज्जैन की जनता को महाकाल की सवारी में सम्मिलित होकर महाकाल लोक के लिए आमंत्रित करने आया हूं। विश्व प्रसिद्ध महाकालेश्वर मंदिर में निर्माणाधीन ‘श्री महाकाल लोक’ का लोकार्पण 11 अक्टूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। वहीं कलेक्टर आशीष सिंह ने 11 अक्टूबर को ‘श्री महाकाल लोक’ के लोकार्पण समारोह के मद्देनजर संपूर्ण उज्जैन जिले में स्थानीय अवकाश की घोषणा की है।

सीएम ने विजयादशमी की दी बधाई

सीएम शिवराज सिंह चौहान ने सभी को विजयादशमी की बधाई दी। सीएम ने कहा कि यह अद्भुत समय है, चारों ओर आनंद की वर्षा हो रही है, उत्साह का वातावरण है। इस बार की विजयादशमी कुछ अलग है। अवंतिका नगरी में श्री महाकाल महाराज की कृपा से ही अद्भुत श्री महाकाल लोक बना है।

2017 में देखा था सपना : सीएम

सीएम ने कहा कि जब लोग ‘श्री महाकाल लोक’ जाएंगे तो उन्हें श्री गौरी-शंकर जी की समस्त लीलाएं देखने को मिलेंगी। एक सपना, जो हमने 2017 में देखा था वह अब साकार हो रहा है। प्रसन्नता की बात है कि यह भारत के सांस्कृतिक पुनरुत्थान का युग है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहले बाबा केदारनाथ जी धाम में पुनर्निर्माण हुआ, फिर भगवान श्री काशी विश्वनाथ कॉरिडोर बना और अब श्री महाकाल महाराज का ‘श्री महाकाल लोक’ बना है।

11 अक्टूबर को उज्जैन आएंगे पीएम मोदी

सीएम ने कहा कि ‘श्री महाकाल लोक’ को महाकाल बाबा को समर्पित करने हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 अक्टूबर को शाम 6:00 बजे उज्जैन पधार रहे हैं। अवंतिका में तो अद्भुत उत्साह है, ही पूरा प्रदेश उत्साहित है। यह गर्व का क्षण है। मैं सभी से अपील करता हूं कि इस अद्भुत क्षण के साक्षी बनने के लिए महाकाल बाबा की नगरी उज्जैन अवंतिका जरूर पधारें। मैं जानता हूं कि इतनी बड़ी संख्या अवंतिका में समा नहीं पाएगी। इसलिए अपने-अपने गांवों के मंदिरों में, 11 अक्टूबर की शाम शाम 5 बजे वहां भजन कीर्तन आदि प्रारंभ करें और शाम को 6:00 बजे महाकाल लोक से जुड़ जाएं।

ये भी पढ़ें: VIDEO : महानवमी पर CM शिवराज और पत्नी साधना सिंह ने कन्याओं को कराया भोजन, पैर छूकर लिया आशीर्वाद

सीएम ने की महाकाल की पूजा

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सपत्नीक विजयादशमी के पावन पर्व पर उज्जैन में महाकाल बाबा की पूजा-अर्चना कर प्रदेश-देश की प्रगति व उन्नति और जनता के कल्याण के लिए प्रार्थना की।

ये भी पढ़ें: VIDEO : शाही पोशाक में नजर आए केंद्रीय मंत्री सिंधिया, बेटे महाआर्यमन के साथ की कुल देवताओं की पूजा

मध्य प्रदेश की अन्य खबरों के लिए यहां क्लिक करें…

संबंधित खबरें...

Back to top button