
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शुक्रवार को उज्जैन के महाकाल मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने सपत्नीक भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल का आशीर्वाद लिया। पं. महेश पुजारी ने पूजा संपन्न कराई। इस दौरान उनके साथ उज्जैन कलेक्टर और एडीएम भी रहे।
नंदी हॉल में बैठकर दर्शन किए
शुक्रवार को अल सुबह 3 बजे हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सपरिवार भस्म आरती में शामिल हुए और बाबा महाकाल का पूजन अभिषेक कर महाकाल का आशीर्वाद लिया। भस्म आरती के दौरान सीएम ने अपने परिवार के साथ नंदी हॉल में बैठकर दर्शन किए। सीएम ठाकुर हिमाचल प्रदेश से इंदौर और फिर उज्जैन पहुंचे थे।
महाकाल से सुख शांति की प्रार्थना की
इस दौरान उन्होंने मीडिया के साथ बातचीत में कहा कि देश और प्रदेश में सुख शांति बनी रहे यह प्रार्थना बाबा महाकाल से की है। उन्होंने कहा कि बाबा महाकाल की भस्म आरती का सौभाग्य प्राप्त हुआ। हर वर्ष दर्शन के लिए आते हैं। सब को बल मिले, ताकत मिले, ऐसी भगवान से कामना है। जयराम ठाकुर के साथ भाजपा जिला महामंत्री विशाल राजौरिया भी मौजूद रहे। भस्म आरती दर्शन के साथ कालभैरव, मंगलनाथ, अंगारेश्वर महादेव मंदिर के दर्शन किए। दर्शन कर वे इंदौर के लिए रवाना हुए।