
जम्मू संभाग के पुंछ जिले में बुधवार को बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां पुंछ के सावजियान इलाके में एक मिनी बस हादसे का शिकार हो गई है। हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल बताए जा रहे हैं। सभी घायलों को मंडी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बस में सवार थे 36 लोग
जानकारी के अनुसार, गली मैदान से पुंछ के लिए जा रही एक मिनी बस सीमावर्ती क्षेत्र सावजियान के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी। इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई है और 25 लोग घायल हैं। मिनी बस में 36 लोग सवार थे। घायलों को नजदीकी अस्पताल में दाखिल कराया गया है। वहीं हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची।
उपराज्यपाल ने जताया दुख
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सड़क हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को पांच लाख रुपए देने की घोषणा की है। उन्होंने कहा, पुंछ के सावजियां में सड़क दुर्घटना में हुई मौत से दुखी हूं। शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना है। घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य की कामना करता हूं। पुलिस और सिविल अधिकारियों को घायलों को हर संभव इलाज मुहैया कराने का निर्देश दिया है।
राष्ट्रपति मुर्मू ने जताया दुख
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने पुंछ सड़क हादसे पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, ‘पुंछ के सावजियान में हुए दर्दनाक सड़क हादसे में लोगों की मौत अत्यंत दुखद है। मेरी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं।’