
पूर्व केंद्रीय मंत्री और कांग्रेस नेता पी. चिदंबरम के बेटे कार्ति चिदंबरम के करीबी को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। बताया गया है कि वीजा भ्रष्टाचार के मामले में ये गिरफ्तारी हुई है। जानकारी के मुताबिक, कार्ति चिदंबरम के करीबी भास्कर रमण को सीबीआई ने गिरफ्तार किया है। उनपर घूस लेने और भ्रष्टाचार के आरोप लगे हैं। CBI ने मंगलवार को कार्ति चिदंबरम के 10 ठिकानों पर छापा मारा था।
एम भास्कर रमन को CBI ने किया गिरफ्तार
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीबीआई की टीम ने देर रात पूछताछ के बाद रमन को गिरफ्तार किया है। इससे पहले सीबीआई ने मंगलवार को कार्ति चिदंबरम से जुड़े 10 ठिकानों पर छापेमारी की थी। यह एक्शन चीन से जुड़े एक मामले पर हुआ था। इसी में अब भास्कर रमण की गिरफ्तारी भी हुई है।
सीबीआई को प्रारंभिक जांच में भास्कर रमन के पास से एक हार्डड्राइव मिली थी जिसमें 50 लाख के लेनदेन का ब्योरा था।
क्या है चीन से जुड़ा केस
लोकसभा सांसद कार्ति चिदंबरम के खिलाफ CBI ने मंगलवार को एक नया मामला दर्ज किया था। जिसके चलते मंगलवार सुबह कार्ति के चेन्नई और दिल्ली निवास समेत देशभर में 10 ठिकानों पर छापे मारे। पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के बेटे कार्ति पर आरोप है कि उन्होंने 250 चीनी नागरिकों को भारतीय वीजा दिलाया, जिसके बदले उन्होंने 50 लाख की रिश्वत ली। सीबीआई के मुताबिक कार्ति ने तलवंडी साबो बिजली परियोजना के लिए चीनी नागरिकों को वीजा दिलाया था।
ये भी पढ़ें- पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम के ठिकानों पर CBI की रेड, इन जगहों पर छापेमारी
कार्ति चिदंबरम का क्या है चीनी कनेक्शन
सीबीआई ने जिस मामले में नया केस दर्ज किया है, उस मामले में पहले से ही जांच चल रही थी। सीबीआई का आरोप है कि कार्ति चिदंबरम ने यूपीए के कार्यकाल में 250 चीनी नागरिकों को वीजा दिलाया, जिसके बदले 50 लाख रुपए की रिश्वत उनको मिली। आरोप है कि ऐसा 2010 से 2014 के बीच हुआ था। उस समय कार्ति के पिता पी चिदंबरम केंद्रीय गृह मंत्री थे। सीबीआई के मुताबिक, ये चीनी नागरिक किसी पावर प्रोजेक्ट के लिए भारत आकर काम करना चाहते थे। शुरुआती जांच के बाद इस मामले में सीबीआई ने FIR दर्ज कर ली थी।
एक प्राईवेट कंपनी पंजाब के मनसा में 1980 मेगावॉट का थर्मल पावर प्लांट लगा रही थी। इसका जिम्मा चीन की एक कंपनी को दिया गया था। आरोप है कि यह प्रोजेक्ट लेट हो रहा था। आरोप है कि काम को तेजी से कराने के लिए चीनी प्रोफेशनल्स को मनसा लाया गया।
इनके खिलाफ भी मामला दर्ज
सीबीआई ने कार्ति के अलावा उनके करीबी सहयोगी एस भास्कर रमन, तलवंडी साबो बिजली परियोजना के प्रतिनिधि विकास मखारिया (जिसने रिश्वत की पेशकश की), कंपनी तलवंडी साबो पावर लिमिटेड, मुंबई स्थित बेल टूल्स लिमिटेड (जिसके जरिये रिश्वत पहुंचाई गई) व अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन सभी पर आपराधिक साजिश, खातों में हेरफेर और भ्रष्टाचार की धाराओं में आरोप लगे हैं।
अन्य राष्ट्रीय खबरों के लिए यहां क्लिक करें…