
नई दिल्ली। देश में कोरोना के मामलों में लगातार चार दिन कमी आने के बाद एक बार फिर बढ़ोतरी देखने को मिली है। स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में कोरोना के 10,542 नए केस सामने आए हैं, जबकि 38 लोगों की मौत हुई है। नए मामलों में करीब 38 फीसदी की वृद्धि हुई है। इससे पहले मंगलवार को 7633 केस मिले थे और 11 लोगों की मौत हुई थी।
देश में कोरोना पर एक नजर
नए केस : 10,542
एक्टिव केस : 63,562
कुल मामले : 4,48,45,401
कुल रिकवरी : 4,42,50,649
कुल मृत्यु : 5,31,190
कुल वैक्सीनेशन : 220.66 करोड़
क्या है रिकवरी रेट ?
देश में इस वक्त एक्टिव केस 0.14% हैं, जबकि अब तक कुल संक्रमितों में से 98.67 फीसदी स्वस्थ हो चुके हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक, डेली पॉजिटिविटी रेट 4.39% और वीकली पॉजिटिविटी रेट 5.14% दर्ज की गई है। वहीं मृत्यु दर 1.18 प्रतिशत दर्ज की गई।
कोरोना से 38 लोगों की मौत
स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, बीते 24 घंटों में कोरोना से 38 लोगों की मौत हुई है। महाराष्ट्र में 6, दिल्ली में 5, छत्तीसगढ़ में 4, कर्नाटक में 3, राजस्थान में 2, पुडुचेरी, पंजाब, तमिल नाडु, उत्तर प्रदेश और केरल में 1-1 मौत हुई है। जबकि केरल में 11 मौतों का मिलान किया गया, जो कि सुबह 8 बजे अपडेट किया गया था। वहीं बीते 24 घंटों में कोरोना से 8,175 लोग ठीक भी हुए हैं।
पिछले 24 घंटे में कहां कितने केस?
राज्य | केस |
महाराष्ट्र | 949 |
केरल | 2041 |
कर्नाटक | 379 |
तमिलनाडु | 527 |
उत्तर प्रदेश | 818 |
दिल्ली | 1537 |
छत्तीसगढ़ | 531 |
हरियाणा | 965 |
तीन राज्यों ने मास्क किया अनिवार्य
कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए तीन राज्यों ने मास्क अनिवार्य कर दिया है। हरियाणा सरकार के अनुसार, पब्लिक प्लेस पर मास्क लगाना अनिवार्य है। सरकार ने जिला और पंचायत प्रशासन को इसकी निगरानी करने का आदेश दिया है। वहीं केरल में बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और गंभीर बीमारियों से पीड़ित लोगों के लिए मास्क लगाना अनिवार्य कर दिया गया है।
इसके अलावा पुडुचेरी प्रशासन ने भी सख्ती शुरू कर दी है। पुडुचेरी प्रशासन ने तत्काल प्रभाव से सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहनना अनिवार्य कर दिया है।
Covid-19 के लक्ष्ण क्या हैं
- बुखार
- ड्राई कफ
- थकान
- स्वाद और सुगंध न आना
- नाक बंद
- आंख आना (लाल हो जाना)
- गला खराब होना
- सर दर्द
- मांसपेशियों या जोड़ों में दर्द