जबलपुरमध्य प्रदेश

सिहोरा में खेत के किनारे मृत मिला तेंदुआ, पीएम रिपोर्ट से होगा मौत का खुलासा

वन परिक्षेत्र सिहोरा की सरदा बीट का मामला : ग्रामीणों ने देर रात वन विभाग के अमले को दी सूचना, रात भर चला सर्चिंग अभियान

सिहोरा (जबलपुर)। वन परिक्षेत्र सिहोरा के अंतर्गत आने वाले सरदा बीट के कुर्रो पिपरिया गांव में एक खेत के किनारे झाड़ियों के पास तेंदुए का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। प्रारंभिक जांच में मृत तेंदुए की उम्र करीब 6 साल के लगभग वयस्क नर बताई जा रही है। तेंदुए के शरीर पर कोई भी चोट के निशान नहीं मिले हैं जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि तेंदुए का शिकार नहीं हुआ। तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए वेटरनरी कॉलेज जबलपुर भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।

झाड़ियों के पास मृत मिला तेंदुआ

अनुविभागीय अधिकारी वन मुकेश पटेल ने बताया कि सोमवार की शाम श्याम शुक्ला ने शाम बजे के लगभग सूचना दी कि कुर्रो पिपरिया गांव के पास उनके खेत के बाजू में झाड़ियों के पास एक तेंदुआ मृत हालत में पड़ा है। तेंदुए के मृत मिलने की सूचना मिलते ही वन विभाग का अमला मौके पर पहुंचा। अमले ने देखा कि झाड़ियों के पास एक तेंदुआ मृत हालत में पड़ा था।

वन विभाग का रात भर चला सर्चिंग अभियान

तेंदुए का शव मिलने के बाद वन विभाग का अमला पूरी रात राजस्व क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस क्षेत्र में पूरी रात सर्चिंग अभियान में लगा रहा। मंगलवार सुबह वन विभाग के अमले ने शव का परीक्षण किया जिसमें उन्होंने पाया कि मृतक तेंदुए की उम्र करीब 6 साल के लगभग है जो वयस्क नर है। तेंदुए के शरीर पर कोई भी चोट के निशान वन विभाग के अमले को नहीं मिले। जिससे ऐसा प्रतीत होता है कि तेंदुए का शिकार नहीं किया गया है।

एक दिन पुराना बताया जा रहा है शव, आ रही थी तेज दुर्गंध

घटनास्थल पर मिले मृत्यु तेंदुए का शव एक दिन पुराना बताया जा रहा है। घटनास्थल के आसपास तेज दुर्गंध आ रही थी जिससे ऐसा अनुमान लगाया जा रहा था कि मृत तेंदुए का शरीर अब गलने लगा है।

मौके पर पहुंची डॉग स्क्वायड की टीम

आसपास सर्चिंग के लिए जबलपुर से डॉग स्क्वायड की टीम घटनास्थल पर पहुंची। घटनास्थल से करीब 300 मीटर के आसपास के क्षेत्र में डॉग ने सर्चिंग की। मौके पर रेंजर जगन्नाथ दास पटेल डिप्टी रेंजर अबरार खान बीट गार्ड राम चरण रजक अरविंद पटेल अरुण साहू ने पंचनामा कार्रवाई पूरी की। इसके बाद तेंदुए के शव को पोस्टमार्टम के लिए जबलपुर वेटरनरी कॉलेज भेजा गया है। तेंदुए की मौत के कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगा।

सिहोरा वन क्षेत्र में नहीं है तेंदुआ, बाहरी क्षेत्र से हुआ मूवमेंट

जानकारी के मुताबिक वन परिक्षेत्र सिहोरा के अंतर्गत आने वाले वन विभाग के एरिया में तेंदुआ नहीं है, जो मृत तेंदुआ मिला है उसका मूवमेंट आसपास के दूसरे क्षेत्रों से हुआ है। वन परिक्षेत्र सिहोरा से लगा हुआ कटनी जिले के ढीमरखेड़ा क्षेत्र का वन विभाग का एरिया है। ऐसी संभावना जताई जा रही है कि तेंदुआ किसी एरिया से सिहोरा क्षेत्र में पहुंचा होगा।

 

वन परिक्षेत्र सिहोरा के अंतर्गत आने वाली सरदा बीट के कुर्रो पिपरिया गांव से सटे जंगल एरिया की झाड़ियों में मृतक तेंदुए का शव मिला है। मृत तेंदुए की उम्र करीब 6 साल के लगभग है जो कि वयस्क नर है। प्रारंभिक तौर पर मृतक तेंदुए के शरीर पर कोई भी चोट के निशान नहीं मिले। तेंदुए की मौत कैसे हुई इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हो सकेगा।
– मुकेश पटेल, अनुविभागीय अधिकारी वन, सिहोरा

संबंधित खबरें...

Back to top button